
ओवल टेस्ट: जैक क्रॉली ने भारत के खिलाफ जड़ा 8वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाजी जैक क्रॉली ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एंडरसरन-तेंदुलकर ट्रॉफी के 5वें और आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी में शानदार अर्धशतकीय पारी (64) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 19वां और भारत के खिलाफ 8वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 42 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लिश टीम को शानदार शुरुआत मिली। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही क्रॉली की पारी और साझेदारी?
भारत के पहली पारी के 224 रन के बाद खेलने उतरी इंग्लिश टीम को क्रॉली और बेन डकेट (43) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए 77 गेंदों में ही 92 रन जोड़ दिए। इस स्कोर पर डकेट आउट हो गए। इसके बाद क्रॉली ने ओली पोप के साथ 37 रन की साझेदारी निभाई। क्रॉली 57 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने।
करियर
कैसा रहा है क्रॉली का टेस्ट करियर?
क्रॉली ने साल 2019 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 59 टेस्ट मैच खेले चुके हैं, जिसकी 106 पारियों में 31.72 की औसत और 65.80 की स्ट्राइक रेट से 3,299 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 19 अर्धशतकों के अलावा 5 शतक भी जड़े हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 267 रन का रहा है। वह 2 बार नाबाद रहने में भी सफल रहे हैं।