IPL के फाइनल मैचों में 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विराट कोहली का बल्ला खूब चला। इस दिग्गज बल्लेबाज ने सीजन में 675 रन बनाए। उन्होंने फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ नाबाद 75 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। इस बीच IPL इतिहास के फाइनल मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
अनिल कुंबले (38 साल और 219 दिन)
IPL 2009 के फाइनल में RCB के कप्तान अनिल कुंबले ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ उम्दा गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए थे। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 16 रन दिए थे। हालांकि, उनकी शानदार गेंदबाजी के बाद भी RCB को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद कुंबले को 38 साल और 219 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
#2
विराट कोहली (37 साल और 207 दिन)
IPL 2026 के फाइनल मैच में GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155/8 का स्कोर बनाया था। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हुए मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 42 गेंदों में 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन बनाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। इस बेहतरीन पारी के लिए कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
#3
फाफ डु प्लेसिस (37 साल और 94 दिन)
फाफ डु प्लेसिस भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने 37 साल और 94 दिन की उम्र में 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स को चौथी बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ हुए फाइनल में उन्होंने 59 गेंदों पर 86 रनों की शानदार पारी खेली थी। डु प्लेसिस की पारी की बदौलत CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192/3 का स्कोर बनाया और आखिर में 27 रनों से जीत हासिल की थी।