Page Loader
जय शाह के क्रिकेट प्रशासक बनने की शुरुआत कैसे हुई? जानिए उनका सफर
ICC के अध्यक्ष बने जय शाह (तस्वीर: एक्स/@JayShah)

जय शाह के क्रिकेट प्रशासक बनने की शुरुआत कैसे हुई? जानिए उनका सफर

Aug 28, 2024
10:11 am

क्या है खबर?

जय शाह बीते मंगलवार (27 अगस्त) को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए। 35 साल के शाह सबसे कम उम्र के ICC अध्यक्ष बने हैं। वह ग्रेग बार्कले की जगह लेंगे और 1 दिसंबर से अपने इस कार्यकाल की शुरुआत करेंगे। वह क्रिकेट की वैश्विक संस्था के मुखिया बनने वाले सिर्फ 5वें भारतीय हैं। आइए उनके अब तक के सफर के बारे में विस्तार से जानते हैं।

सफर 

2009 में सेंट्रल बोर्ड ऑफ क्रिकेट से की क्रिकेट प्रशासक बनने की शुरुआत

शाह भारत के वर्तमान गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह के बेटे हैं। उनका जन्म 22 सितंबर, 1988 को हुआ था। उनके क्रिकेट प्रशासक बनने की शुरुआत साल 2009 में हुई। तब वह पहली बार अहमदाबाद में सेंट्रल बोर्ड ऑफ क्रिकेट के एक्सीक्यूटिव मेंबर बने थे। इसके 4 साल बाद, 2013 में वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के संयुक्त सचिव बने थे और उस समय उनके पिता एसोसिएशन के अध्यक्ष थे।

BCCI 

2015 से BCCI से जुड़े जय शाह 

शाह ने 2015 में विश्व के सबसे महंगे क्रिकेट बोर्ड में अपने काम की शुरुआत की। दरअसल, साल 2015 में उन्हें BCCI की फाइनेंस और मार्केटिंग कमेटी में शामिल किया गया था और फिर 2019 में वह BCCI के सचिव चुने गए थे। उन्होंने सितंबर 2019 में GCA के संयुक्त सचिव के पद से इस्तीफा दे दिया। सचिव बनने के बाद उन्होंने सौरव गांगुली और रोजर बिन्नी के साथ मिलकर काम किया।

2021 

2021 में बने थे ACC के सबसे युवा अध्यक्ष  

जनवरी 2021 में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजमुल हसन के बाद शाह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के नए अध्यक्ष बने थे। तब वह 32 साल की उम्र में ACC की बागडोर संभालने वाले सबसे कम उम्र के प्रशासक बने थे। शाह के नेतृत्व में ACC ने सीनियर पुरुष टीमों के अलावा अंडर-19 एशिया कप का आयोजन भी किया था। UAE में खेले गए इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश विजेता बना था।

2022

शाह के कार्यकाल में बोर्ड ने बेचे 48,390 करोड़ रुपये में मीडिया अधिकार

2022 में, शाह के कार्यकाल के दौरान बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मीडिया अधिकारों को 48,390 करोड़ रुपये में बेचा था। IPL तब इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) को पीछे छोड़ दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली (प्रति मैच के हिसाब से) लीग बन गई थी। केवल अमेरिकी फुटबॉल लीग (NFL) ही कमाई के मामले में IPL से आगे है। इसके साथ-साथ शाह ने घरेलू क्रिकेटरों के लिए भी अच्छा काम किया था।

ICC

शाह की ICC में कैसे हुई एंट्री?

दिसंबर 2019 में, BCCI ने शाह को ICC की भविष्य की सीईसी बैठकों के लिए अपने प्रतिनिधि के रूप में चुना था। अप्रैल 2022 में उन्हें ICC बोर्ड सदस्य प्रतिनिधि के रूप में भी नियुक्त किया गया था। साल 2028 में होने वाले ओलंपिक में क्रिकेट शामिल किया गया, इसमें भी शाह की भूमिका रही थी। वह अब जगमोहन डालमिया (1997-2000), शरद पवार (2010-2012), एन श्रीनिवासन (2014-2015) और शशांक मनोहर (2015-2020) के बाद ICC के अध्यक्ष बनने वाले भारतीय होंगे।