द हंड्रेड: फिन एलन ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 6,000 रन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड के आक्रामक सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने टी-20 क्रिकेट में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। इंग्लैंड में खेली जा रही 'द हंड्रेड' लीग के एक मुकाबले में उन्होंने ट्रेंट रॉकेट्स की ओर से साउदर्न ब्रेव के खिलाफ 23 रनों की पारी खेली। इस दौरान 23वां रन बनाते ही उनके टी-20 करियर के 6,000 रन पूरे हो गए। हालांकि, मुकाबले में उनकी टीम को 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
लेखा-जोखा
ऐसा रहा मुकाबले का हाल
पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेंट रॉकेट्स ने निर्धारित 100 गेंदों में 5 विकेट खोकर 158 रन बनाए थे। साउदर्न ब्रेव ने 3 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य को हासिल कर लिया।
इस हार से रॉकेट्स के नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें दूसरी टीमों के नतीजों पर टिकी हैं।
पारी की शुरुआत करने आए एलन ने 12 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से तेज तर्रार 23 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6,000 रनों का आंकड़ा छू किया।
करियर
कैसा रहा है एलन का टी-20 करियर?
एलन ने साल 2017 में अपने टी-20 करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 213 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 210 पारियों में 30.33 की औसत और 177.14 की स्ट्राइक रेट से 6,000 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 36 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 151 रन का रहा है।
इस प्रारूप में उनकी स्ट्राइक रेट केवल भारत के अभिषेक शर्मा (175.44) से अधिक है।