द हंड्रेड: पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने कराया नीलामी के लिए पंजीयन, क्या टीमें लगाएंगी बोली?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लगभग सभी खिलाड़ियों ने 11 और 12 मार्च को लंदन में होने वाली 'द हंड्रेड' की मेगा नीलामी के लिए पंजीयन कराया है। इन खिलाड़ियों में पाकिस्तानी कप्तान आघा सलमान, शाहीन अफरीदी, सैम अयूब और उस्मान तारिक भी शामिल हैं। नीलामी सूची में शामिल कुल 711 खिलाड़ियों में पाकिस्तान के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ-साथ भारत को छोड़कर अन्य सभी देशों के खिलाड़ी शामिल हैं।
परेशानी
क्या पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मिलेंगे खरीदार?
BBC स्पोर्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नीलामी में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज कर सकती है। 8 में से 6 टीमों के भारतीय कंपनियों से संबंध हैं। इन टीमों के मालिक नीलामी में शामिल 63 पाकिस्तानी खिलाड़ियों में से किसी पर भी बोली लगाने से परहेज करेंगे। इन 6 टीमों में लंदन स्पिरिट, MI ओवल (रिलायंस इंडस्ट्रीज), मैनचेस्टर सुपरजायंट्स (RPSG समूह), सदर्न ब्रेव (GMR समूह), सनराइजर्स लीड्स (सन टीवी) और वेल्श फायर (अमेरिकी संजय गोविल) शामिल हैं।
संबंध
'द हंड्रेड' की 4 टीमों का है IPL से संबंध
भारत से जुड़ी 6 टीमों में से 4 का सीधा संबंध इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से हैं। इनमें मुंबई इंडियंस (MI), दिल्ली कैपिटल्स (DC), लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) हैं। ये टीमें अन्य भारतीय मालिकों के साथ विदेशी लीगों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने से बचती रही है। इन टीमों ने SA20 और ILT20 में ऐसे ही कदम उठाए हैं। वर्तमान में केवल एक ILT20 टीम डेजर्ट वाइपर्स के रोस्टर में एक पाकिस्तानी खिलाड़ी है।
बयान
IPL से दूरी रखने वाली टीमें ही लगाएंगी पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर दांव
BBC के अनुसार , इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक एजेंट को संकेत दिया है कि उनके पाकिस्तानी खिलाड़ियों में दिलचस्पी केवल उन टीमों तक सीमित रहेगी जिनका IPL से कोई संबंध नहीं है। भारतीय निवेश वाली टी-20 लीगों में इस स्थिति को 'एक अलिखित नियम' बताया गया है। हालांकि, ECB के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड गोल्ड ने पिछले साल कहा था कि सभी देशों के खिलाड़ियों को सभी टीमों के लिए चुना जाएगा।
बयान
ECB के प्रवक्ता ने भी जारी किया बयान
ECB के प्रवक्ता ने कहा, "द हंड्रेड में दुनिया भर के पुरुष और महिला खिलाड़ियों का स्वागत है। हम उम्मीद करते हैं कि सभी 8 टीमें भी इसी भावना को दर्शाएंगी।" उन्होंने यह भी बताया कि 18 देशों के लगभग 1,000 खिलाड़ियों ने द हंड्रेड नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें ऑस्ट्रेलिया से 50 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं। इसी तरह दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज समेत अन्य देशों के खिलाड़ी भी इसमें शामिल हैं।
बेस प्राइस
किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कितना रखा बेस प्राइस?
शाहीन, अयूब, सलमान और उस्मान के अलावा नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले अन्य शीर्ष पाकिस्तानी खिलाड़ियों में शादाब खान, हारिस रऊफ, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह (सभी की बेस प्राइस 1 लाख पाउंड/ करीब 1.22 करोड़ रुपये), अबरार अहमद, मोहम्मद आमिर, जमान खान, उस्मान तारिक (बेस प्राइस 75,000 पाउंड/ करीब 91 लाख रुपये), फहीम अशरफ, शाहिबजादा फरहान, उसामा मीर, इमाद वसीम, अब्बास अफरीदी, अफक अफरीदी और आसिफ अफरीदी (बेस प्राइस 50,000 पाउंड/ करीब 61 लाख रुपये) शामिल हैं।