महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में 200+ का स्कोर बनाने वाली टीमें
क्या है खबर?
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा स्कोर का नया रिकॉर्ड बनाया है। शुक्रवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में हुए 2026 संस्करण के शुरुआती मैच में मेजबान टीम ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 219/1 का स्कोर बनाया। इस मैच में इंग्लैंड ने 87 रन से जीत दर्ज की। इस बीच टी-20 विश्व कप के इतिहास में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली टीमों के बारे में जानते हैं।
#1
इंग्लैंड (219/1 बनाम श्रीलंका, 2026)
इंग्लैंड से एमी जोन्स और डैनी वायट-हॉज ने पहले विकेट के लिए 135 रन जोड़े। जोन्स 53 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुई। वहीं, वायट-हॉज ने शतक लगाया और साइवर-ब्रंट ने नाबाद 46 रन बनाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। वायट-हॉज ने 62 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा और टी-20 विश्व कप का पहला शतक साबित हुआ। जवाब में श्रीलंकाई टीम 132 रन पर सिमट गई।
#2
इंग्लैंड (213/5 बनाम पाकिस्तान, 2023)
महिला टी-20 विश्व कप इतिहास में दूसरा सर्वोच्च टीम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम ही दर्ज है। उसने टी-20 विश्व कप 2023 के 19वें मैच में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 213/5 का स्कोर खड़ा किया था। इसमें नैट साइवर-ब्रंट (81*) और वायट-हॉज (51) ने अर्धशतकीय पारियां खेली थी। जवाब में पाकिस्तान की टीम 99/9 का ही स्कोर बना पाई और 114 रन से मैच हार गई थी।
#3
इन टीमों ने बनाए 190+ रन
साल 2018 में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ भारत ने 194/5 का स्कोर बनाया था। उस मैच में हरमनप्रीत कौर ने 51 गेंदों का सामना कर 103 रन बनाए थे। आखिरकार भारत ने मैच को 34 रन से जीता था। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2014 के 9वें मैच में आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 191/4 का स्कोर खड़ा किया था। मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 78 रनों से जीत मिली थी।