टी-20 विश्व कप: इन गेंदबाजों ने 6 से कम की इकॉनमी रेट से 25+ विकेट लिए
क्या है खबर?
क्रिकेट के खेल में उम्दा बल्लेबाज मैच जिताते हैं और अच्छे गेंदबाज टूर्नामेंट। टी-20 विश्व कप के इतिहास में भी कुछ गेंदबाजों ने अविश्वनीय प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी टीमों को विश्व विजेता बनाया है। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में भारतीय टीम ने खिताब जीता था, जिसमें जसप्रीत बुमराह की अहम भूमिका रही थी। इस बीच टी-20 विश्व कप में उन गेंदबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने 6 से कम की इकॉनमी रेट से 25+ विकेट लिए हैं।
#1
जसप्रीत बुमराह
क्रिकइंफो के अनुसार, बुमराह अब तक टी-20 विश्व कप के तीन 3 संस्करणों (2016, 2021 और 2024) में खेल चुके हैं। वह पीठ की चोट के कारण 2022 के संस्करण में नहीं खेल पाए थे। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने टूर्नामेंट में 18 मैचों में 14.30 की औसत से 26 विकेट लिए हैं। बुमराह का इकॉनमी रेट 5.44 है, जो कम से कम 25 विश्व कप विकेट लेने वाले गेंदबाजों में सबसे अच्छा है।
#2
ट्रेंट बोल्ट
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने टी-20 विश्व कप में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने इस वैश्विक टूर्नामेंट में 18 मैचों में 12.50 की औसत के साथ 34 विकेट लिए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 5.93 की रही थी। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। वह विश्व कप के इतिहास में टिम साउथी (36) के बाद न्यूजीलैंड के लिए दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
#3
एनरिक नोर्खिया
दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नोर्खिया अपनी तेज गति की गेंदबाजी के लिए मशहूर हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप में (2019-24) कुल 19 मैचों में 11.40 की औसत और 5.55 की इकॉनमी रेट के साथ 35 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में उन्होंने 13.40 की औसत के साथ 9 मैचों में 15 विकेट लिए थे और उनकी टीम उपविजेता रही थी।
#4
वनिंदू हसरंगा
श्रीलंका के ऑलराउंडर वनिंदु हसरंगा भी इस सूची में मौजूद हैं। हसरंगा ने 19 मैचों (2021-2024) की 19 पारियों में 11.72 की औसत से 37 विकेट चटकाए हैं। उनकी इकॉनमी 6 की रही है। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/8 का रहा है। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में उन्होंने 3 मैच खेले थे, जिसमें 13.16 की औसत और 6.97 की इकॉनमी रेट के साथ 6 विकेट लिए थे।