टी-20 विश्व कप: इन बल्लेबाजों ने 100 से कम की स्ट्राइक रेट से अर्धशतकीय पारियां खेलीं
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट में ज्यादातर बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं। इस खेल के प्रारूप में काफी तेज अर्धशतक और शतकीय पारियां देखने को मिलती हैं। टी-20 विश्व कप 2026 में भी कुछ बल्लेबाजों ने आक्रामक अर्धशतक लगाए। इस बीच ओमान क्रिकेट टीम के 43 वर्षीय मोहम्मद नदीम ने धीमा अर्धशतक लगाया। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे धीमी अर्धशतकीय पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
मोहम्मद नदीम (53* रन, स्ट्राइक रेट- 94.64)
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225/5 का स्कोर बनाया था। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान ने जब 12 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब नदीम क्रीज पर आए। इस अनुभवी बल्लेबाज ने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। वह 56 गेंदों में 94.64 की स्ट्राइक रेट से 53 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी के बावजूद ओमान को मैच में हार मिली थी।
जानकारी
टी-20 विश्व कप में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बने नदीम
43 साल और 161 दिन के नदीम अब टी-20 विश्व कप में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उन्होंने सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि जयसूर्या ने 39 साल और 345 दिन की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ (2009) अर्धशतक लगाया था।
#2
डेवन स्मिथ (51 रन, स्ट्राइक रेट- 98.07)
टी-20 विश्व कप 2007 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के डेवन स्मिथ ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में अर्धशतक लगाया। वह 52 गेंदों में 98.07 की स्ट्राइक रेट से 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 6 चौके भी लगाए। उनकी पारी की मदद से कैरेबियाई टीम ने 164/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में बांग्लादेश की टीम ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल किया था।
#3
इन बल्लेबाजों ने भी लगाए धीमे अर्धशतक
पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 2024 में कनाडा के खिलाफ 53 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 100 की रही थी। सूर्यकुमार यादव ने 2024 में अमेरिका के खिलाफ मैच में 102.04 की स्ट्राइक रेट से 49 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के नूर अली जादरान ने 2010 में भारत के विरुद्ध 104.16 की स्ट्राइक रेट से 48 गेंदों में 50 रन की पारी खेली थी।