टी-20 विश्व कप इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने मोहम्मद नदीम
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 16वें मैच में ओमान क्रिकेट टीम को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में ओमान की टीम जीत के लिए मिले 226 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए 120/9 का स्कोर ही बना सकी। इस हारे हुए मुकाबले में ओमान के मोहम्मद नदीम ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह टी-20 विश्व कप में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बने।
पारी
ऐसी रही नदीम की पारी
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान ने जब 12 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब नदीम क्रीज पर आए। इस अनुभवी बल्लेबाज ने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। वह 56 गेंदों में 53 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। ओमान की टीम से नदीम के बाद वसीम अली ने सर्वाधिक 27 रन बनाए।
रिकॉर्ड
टी-20 विश्व कप इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने नदीम
क्रिकइंफो के मुताबिक, 43 साल और 161 दिन के नदीम अब टी-20 विश्व कप में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि जयसूर्या ने 39 साल और 345 दिन की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ (टी-20 विश्व कप 2009) अर्धशतक लगाया था। इस सूची में तीसरे बल्लेबाज पाकिस्तान के शोएब मलिक हैं, जिन्होंने 39 साल और 279 दिन की उम्र में अर्धशतक (बनाम स्कॉटलैंड, 2021) जड़ा था।
नदीम
टी-20 विश्व कप में सबसे कम स्ट्राइक रेट वाली अर्धशतकीय पारी
नदीम अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे धीमी अर्धशतकीय पारी खेलने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने 94.64 की स्ट्राइक रेट के साथ 56 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। वेस्टइंडीज के डेवन स्मिथ ने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ 98.07 की स्ट्राइक रेट के साथ 52 गेंदों में 51 रन बनाए थे। इस सूची में मोहम्मद रिजवान भी मौजूद हैं। पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2024 में कनाडा के खिलाफ 53 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए थे।
लेखा-जोखा
इस तरह से ओमान की टीम को मिली हार
ओमान ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला गलत साबित हुआ। श्रीलंका के लिए पवन रत्नायके (60), कुसल मेंडिस (61) और दासुन शनाका (50) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और 225/5 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में ओमान के लिए कोई भी बल्लेबाज मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाया। अनुभवी नदीम ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। ओमान की पूरी टीम 120/9 का स्कोर ही बना पाई।