टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड-श्रीलंका के बीच रही है कांटे की टक्कर, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 46वें मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का सामना 25 फरवरी (बुधवार) को श्रीलंका से होगा। सुपर-8 में दासुन शनाका की अगुआई वाली टीम दूसरा मुकाबला खेलेगी। पहले मैच में उसे इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली थी। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हो गया था। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है।
हेड-टू-हेड
टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच रही है कांटे की टक्कर
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच 28 मुकाबले खेले गए हैं। कीवी टीम को 16 मुकाबलों में जीत मिली है। 11 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है। टी-20 विश्व कप में उनके बीच 6 मुकाबले हुए हैं। न्यूजीलैंड को 3 मैच में जीत मिली है और श्रीलंका ने भी 3 मैच अपने नाम किए हैं। 2012 विश्व कप का मुकाबला न्यूजीलैंड ने सुपर ओवर में जीता था।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है न्यूजीलैंड की टीम
न्यूजीलैंड को एक बार फिर सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट और फिन एलन से जोरदार शुरुआत की उम्मीद होगी। मध्यक्रम में डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स का अनुभव टीम के लिए काफी असरदार साबित हो सकता है। शानदार फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन अपना जलवा बरकरार रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, इश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन।
एकादश
इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है श्रीलंका की टीम
श्रीलंका को पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 51 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। हालांकि, गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था और वे उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे। मैच में बल्लेबाजी की कमजोरी उजागर हुई थी। ऐसे में वो पिछली नाकामी को पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: पथुम निसांका, कमिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालागे, दुशान हेमंथा, दुश्मंथा चमीरा, महेश तीक्षाना और दिलशान मदुशंका।
पिच रिपोर्ट
स्पिनरों को मदद करेगी पिच
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 152 रन है। यहां सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने (215/5 बनाम श्रीलंका, 2018) ने बनाया है।
जानकारी
कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 25 फरवरी को कोलंबो में बादल छाए रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। 24 फरवरी को बारिश की 10 प्रतिशत संभावना है। मैच में खलल पड़ सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
कुसल ने पिछली 10 पारियों में 36.11 की औसत से 325 रन बनाए हैं। निसांका के बल्ले से पिछली 10 पारियों में 300 रन निकले हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने पिछली 10 पारियों में 295 रन बनाए हैं। श्रीलंका से तीक्षाना ने पिछले 9 मैचों में 10 विकेट चटकाए हैं। डफी ने पिछले 9 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। हेनरी के खाते में पिछले 7 मुकाबलों में 9.29 की इकॉनमी रेट से 7 विकेट आए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच यह मैच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में रात 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।