टी-20 विश्व कप 2026: अगर भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में हुई बारिश तो क्या होगा परिणाम?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सामना भारतीय क्रिकेट टीम से 5 मार्च को होगा। गत विजेता भारतीय टीम लगातार दूसरे संस्करण के फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस संस्करण में अब तक 2 मैच बारिश की भेंट चढ़े हैं। अगर सेमीफाइनल मुकाबले में बारिश का खलल देखने को मिलेगा, तो मैच का क्या परिणाम होगा? इस बारे में विस्तार से समझते हैं।
रिजर्व डे
ICC ने रखा है एक रिजर्व डे
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच के लिए एक रिजर्व डे तय किया है। अगर मैच में देरी होती है, तो अधिकारियों के पास गुरुवार को 90 मिनट और शुक्रवार को 120 मिनट का अतिरिक्त समय होगा ताकि कम से कम 5 ओवर का मैच हो सके। यह इमरजेंसी प्लान इस जरूरी मैच के दौरान अचानक मौसम की वजह से किसी भी रुकावट से बचने के लिए है।
बारिश
पूरे मैच के बारिश से धुलने पर क्या होगा परिणाम?
अगर भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच रद्द हो जाता है, तो नतीजा सुपर-8 की अंक तालिका से तय होगा। ऐसे में इंग्लैंड की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी, क्योंकि हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम ने अपने सुपर-8 के तीनों मैच जीते थे। जबकि भारतीय टीम 2 जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। अगर दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला सेमीफाइनल मैच भी बारिश की भेंट चढ़ जाता है तो प्रोटियाज टीम फाइनल में पहुंचेगी।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 5 मार्च को मुंबई में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की कोई भी संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक आराम से मुकाबले का आनंद ले सकते हैं।
हेड-टू-हेड
भारत के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा रहा है भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2007 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 29 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 17 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 12 मैच इंग्लैंड ने अपने नाम किए हैं। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में इंग्लैंड को सिर्फ 1 मैच में ही जीत मिल पाई है। 4 मुकाबले भारत ने जीते हैं।
टी-20 विश्व कप
टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच रही है कड़ी टक्कर
टी-20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमें कुल 5 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें से 3 में भारतीय टीम जीती है और 2 मुकाबला इंग्लैंड टीम ने अपने नाम किया है। आखिरी बार टी-20 विश्व कप 2024 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जिसे भारतीय टीम ने 68 रन से जीता था। साल 2022 के विश्व कप में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था।