टी-20 विश्व कप 2026: संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक से चूके
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम के संजू सैमसन ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल मैच में 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। वह अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के चौथे शतक से चूक गए। इस बीच उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए जोरदार साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही सैमसन की पारी
पारी की शुरुआत करने आए सैमसन को 15 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला, जब जोफ्रा आर्चर की गेंद पर कप्तान हैरी ब्रूक ने उनका आसान कैच छोड़ा। इस जीवनदान का उन्होंने भरपूर फायदा उठाया और इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ईशान (39) के साथ मिलकर 97 रन की साझेदारी भी की। आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सैमसन 42 गेंदों में 89 रन (चौके- 8, छक्के- 7) बनाकर आउट हुए।
नॉकआउट
नॉकआउट मैचों में सर्वोच्च पारी वाले भारतीय
सैमसन अब टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में संयुक्त रूप से सर्वोच्च पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। बता दें कि विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 के सेमीफाइनल मैच में नाबाद 89 रन बनाए थे। विश्व क्रिकेट की बात करें तो टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में फिन एलन (100* बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2026) और तिलकरत्ने दिलशान (96* बनाम वेस्टइंडीज, 2009) ही भारतीय बल्लेबाजों से बड़ी पारी खेल सके हैं।
आंकड़े
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं सैमसन
टी-20 विश्व कप 2026 में यह सैमसन के बल्ले से निकलने वाली लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी रही। उन्होंने अपने पिछले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए थे। इस संस्करण में सैमसन ने अब तक 4 पारियों में 77.33 की औसत की औसत के साथ 232 रन बनाए हैं। इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 200 से अधिक (201.73) रही है। वह मौजूदा टूर्नामेंट में 22 चौके और 16 छक्के लगा चुके हैं।
करियर
ऐसा रहा है सैमसन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
सैमसन ने साल 2015 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। वह अब तक 61 मैचों की 53 पारियों में लगभग 27 की औसत के साथ 1,300 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 111 रन का रहा है। वह एक कैलेंडर वर्ष में 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं।