टी-20 विश्व कप 2026: भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा पाकिस्तान, जानिए कारण
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में शुरू हो रहे टी-20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए सरकार से अनुमति मिल गई है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को 15 फरवरी को भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरने के निर्देश दिए हैं। इससे अब साफ हो गया है कि विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होगा।
घोषणा
पाकिस्तान सरकार ने की मैच नहीं खेलने की घोषणा
पाकिस्तान सरकार ने साेशल मीडिया पर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की पुष्टि की है। उसने एक्स पर लिखा, 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC टी-20 विश्व कप 2026 में भाग लेने की अनुमति दे दी है। हालांकि, पाकिस्तान टीम 15 फरवरी, 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।' यह निर्णय इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा बांग्लादेश क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट से बाहर करने के कारण लिया है।
संदेह
नकवी ने पाकिस्तान की भागीदारी पर जताया था संदेह
बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद 24 जनवरी को ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था। इस पर PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने नाराजगी जताते हुए ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाने के साथ टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर संदेह जताया था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान की भागीदारी का निर्णय सरकार करेगी।
फैसला
विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी के फैसले पर क्या बोले थे नकवी?
नकवी ने 26 जनवरी को मामले में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करने के बाद नकवी ने कहा था कि विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा। अब उस समय सीमा से एक दिन पहले ही पाकिस्तान सरकार ने अपना फैसला बता दिया है। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि पाकिस्तान टूर्नामेंट का पूर्ण बहिष्कार नहीं करेगा, बल्कि भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगा।
नुकसान
मैच के बहिष्कार से पाकिस्तान को होगा नुकसान
पाकिस्तान टी-20 विश्व कप के ग्रुप-A में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और USA के साथ है। अगर, पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करती है, तो उसे 2 अंक गंवाने पड़ेंगे। इसी तरह उसकी नेट रन रेट पर भी असर पड़ेगा। ICC के नियमानुसार, टूर्नामेंट में कोई टीम मैच छोड़ती है, तो उसकी नेट रन रेट में गिरावट आएगी। टूर्नामेंट के लिए प्रति ओवर औसत रन की गणना में उस टीम की पारी में पूरे ओवर गिने जाएंगे।
पृष्ठभूमि
भारत बनाम पाकिस्तान विवाद की पृष्ठभूमि
भारत द्वारा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार करने के बाद से PCB और BCCI के बीच तनाव बना हुआ है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद एशिया कप 2025 के दौरान भारत द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करने पर तनाव और बढ़ गया। अब बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर किए जाने के बाद पाकिस्तान ने उसका समर्थन करते हुए भारत के साथ विवाद को और बढ़ाने का प्रयास किया है।
ICC
ICC ने पूरे मामले में जारी किया बयान
ICC ने बयान जारी कर कहा कि हम PCB से आधिकारिक और लिखित सूचना की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस तरह का फैसला वैश्विक खेल आयोजन की मूल भावना के खिलाफ है। किसी एक टीम द्वारा चुनिंदा मैच खेलने के फैसले से टूर्नामेंट की निष्पक्षता, निरंतरता और खेल भावना को सीधे तौर पर नुकसान पहुंचेगा। वह राष्ट्रीय नीतिगत मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करती है। PCB इस फैसले के दूरगामी और गंभीर परिणामों पर गंभीरता से विचार करेगा।