टी-20 विश्व कप 2026: मिचेल मार्श ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया, पूरे किए 6,000 टी-20 रन
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के लीग स्टेज के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने ओमान क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराया। इस मैच में जीत के लिए मिले 105 रन के छोटे से लक्ष्य को कंगारू टीम ने मिचेल मार्श के अर्धशतक (64*) की बदौलत हासिल किया। यह मॉर्श का लगातार दूसरा अर्धशतक रहा और इस बीच उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 6,000 रन पूरे किए। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
आक्रामक रही मार्श की पारी
मार्श ने ओमान की साधारण सी नजर आ रही गेंदबाजी की जमकर खबर ली और सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हेड के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की। हेड 19 गेंदों में 32 रन की पारी खेलकर आउट हुए। मार्श 33 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए।
आंकड़े
मार्श ने पूरे किए अपने 6,000 टी-20 रन
मार्श ने 85 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 80 पारियों में 33.63 की औसत से 2,220 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 13 अर्धशतक लगाए। क्रिकइंफो के अनुसार, टी-20 क्रिकेट में कुल मिलाकर मार्श ने 6,000 रन पूरे किए। मार्श के अब 220 पारियों में 33.35 की औसत और 138.03 की स्ट्राइक रेट से 6,003 रन हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 37 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।
लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट से जीता मैच
ओमान के सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम (0) मैच की पहली ही गेंद पर आउट हुए। खराब शुरुआत के बाद कप्तान जतिंदर सिंह (17), करण सोनावाले (12) और हम्माद मिर्जा (16) भी जल्दी आउट हुए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच वसीम अली ने सर्वाधिक 32 रन बनाए और टीम 104 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया से एडम जैम्पा ने 4 विकेट लिए। जवाब में मार्श (64*) और ट्रेविस हेड (32) ने आसान जीत दिलाई।