टी-20 विश्व कप 2026: जानिए कौन हैं कनाडा के युवराज सामरा, जिन्होंने शतक लगाकर बनाया विश्व-रिकॉर्ड
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में कनाडा क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज युवराज सामरा ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में शतक (110) लगाकर प्रभावित किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर और विश्व कप टूर्नामेंट में पहला ही शतक साबित हुआ। इस पारी के बावजूद कनाडा को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस बीच सामरा के करियर के बारे में जानते हैं।
परिचय
कनाडा के ब्रैम्पटन में जन्में हैं सामरा
सामरा का जन्म 29 सितंबर, 2006 को कनाडा के ब्रैम्पटन में हुआ। उनके पिता बलजीत सामरा भारतीय मूल के कनाडाई हैं। सामरा के पिता बलजीत दिग्गज युवराज सिंह के बड़े फैन थे, इसीलिए उन्होंने अपने बेटे का नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर के नाम पर रखा। सामरा ने 12-13 साल की उम्र से क्रिकेट को गंभीरता से खेलना शुरू किया। उन्होंने 2025 से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
बयान
युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते हैं सामरा
सामरा बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और युवराज को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने आदर्श खिलाड़ी से मिल चुके हैं। उन्होंने क्रिकइंफो से कहा था, "मुझे युवराज की बल्लेबाजी काफी पसंद है। मैं उनसे 2 बार मिल चुका हूं। एक बार ग्लोबल कनाडा टी-20 लीग में और एक बार सुपर 60 लीग में। उनसे मिलना मेरे लिए और मेरे पिता के लिए गर्व की बात थी।"
शतक
ICC टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने सामरा
क्रिकबज के अनुसार, सामरा ने महज 19 साल और 141 दिन की उम्र में यह शतकीय पारी खेली। वह अब किसी भी ICC पुरुष टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (20 साल 196 दिन) को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में पूर्व ऑस्ट्रेलिया कप्तान रिकी पोंटिंग (21 साल 76 दिन) तीसरे और श्रीलंका के आविष्का फर्नांडो (21 साल 87 दिन) चौथे नंबर पर हैं।
आंकड़े
कैसा रहा है सामरा का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
सामरा ने साल 2025 में नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 19 मैचों की 18 पारियों में 37.93 की औसत और 161.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 569 रन अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक के साथ 3 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। उन्होंने अब तक 3 विश्व कप मैच खेले हैं।