LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: युवराज सामरा ICC टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने
कनाडा के सलामी बल्लेबाज युवराज सामरा ने खेली शतकीय पारी

टी-20 विश्व कप 2026: युवराज सामरा ICC टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने

Feb 17, 2026
12:17 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 31वें मुकाबले में कनाडा क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज युवराज सामरा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (110) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर और विश्व कप में पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 58 गेंदों में पूरा किया। वह टी-20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले कनाड़ा के पहले बल्लेबाज भी बने हैं। उनकी इस पारी की बदौलत ही कनाडा टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

बल्लेबाजी

कैसी रही सामरा की पारी और साझेदारी?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा को सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा (36) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 गेंदों में 116 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान सामरा ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर उसके बाद तेजी से बल्लेबाजी करते हुए उसे शतक में तब्दील कर दिया। वह 65 गेंदों में 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 110 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड

ICC टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज

क्रिकबज के अनुसार, सामरा ने महज 19 साल और 141 दिन की उम्र में यह शतकीय पारी खेली है। वह अब किसी भी ICC पुरुष टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (20 साल 196 दिन) को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में पूर्व ऑस्ट्रेलिया कप्तान रिकी पोंटिंग (21 साल 76 दिन) तीसरे और श्रीलंका के आविष्का फर्नांडो (21 साल 87 दिन) चौथे नंबर पर हैं।

Advertisement

जानकारी

टी-20 विश्व कप में बनाया यह रिकॉर्ड

सामरा टी-20 विश्व कप मैच में 50 से अधिक रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में बांग्लादेश के जुनैद सिद्दीकी (बनाम पाकिस्तान 19 साल 325 दिन, 2007) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Advertisement

रिकॉर्ड

टी-20 विश्व कप में सहयोगी देश से शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज

सामरा अब टी-20 विश्व कप में किसी भी सहयोगी देश (एसोसिएट्स) की ओर से शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस मामले में USA क्रिकेट टीम के ऐरन जोंस को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने टी-20 विश्व कप 2024 में कनाडा के खिलाफ नाबाद 94 रन की पारी खेली थी। इस सूची में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के माइकल जोंस (86 बनाम आयरलैंड, 2022) तीसरे, स्कॉटलैंड के ही जॉर्ज मुंसी (84 बनाम इटली, 2026) चौथे नंबर पर हैं।

करियर

कैसा रहा है सामरा का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

सामरा ने साल 2025 में नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 19 मैचों की 18 पारियों में 40 से अधिक की औसत और 162 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ 569 रन अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक के साथ 3 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। उन्होंने अब तक 3 विश्व कप मैच खेले हैं।

Advertisement