भारत ने टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान पर दर्ज की 8वीं जीत, सुपर-8 में बनाई जगह
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 27वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 61 रन से हराते हुए सुपर-8 में अपनी जगह बनाई। कोलंबो में हुए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का स्कोर बनाया, जिसमें ईशान किशन का अर्धशतक (77) शामिल रहा। जवाब में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। यह मौजूदा टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
अभिषेक शर्मा (0) के विकेट के बाद तिलक वर्मा (25) और किशन ने टीम को संभाला। स्पिन के लिए मददगार नजर आ रही पिच पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (32), शिवम दुबे (27) और रिंकू सिंह (11*) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पाकिस्तान ने 34 रन साहिबजादा फरहान (0), सैम अयूब (6), सलमान आगा (4) और बाबर आजम (5) के विकेट खो दिए। इसके बाद उस्मान खान (44) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
अभिषेक
अभिषेक ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपने लगातार दूसरे मुकाबले में खाता खोले बिना आउट हुए। क्रिकबज के अनुसार, अभिषेक अपने पहले 2 टी-20 विश्व कप मैचों (फुल मेंबर्स) में डक पर आउट होने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। वह इस सूची में आशीष नेहरा और इमरुल कायेस के साथ शामिल हो गए। इस प्रारूप में अभिषेक के पिछले 6 स्कोर 0(4), 0(1), 30(16), 0(1), 68*(20), और 0(1) रन रहे हैं।
जानकारी
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया। इससे पहले 2022 के संकरण में भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध 160/6 का स्कोर बनाया था।
किशन
ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया, बने प्लेयर ऑफ द मैच
किशन ने पारी का दूसरा ओवर करने आए शाहीन अफरीदी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान ने नई गेंद से भी अपने स्पिनरों से गेंदबाजी कराई और किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। बेहतर लय में नजर आ रहे किशन 40 गेंदों में 77 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अन्य रिकॉर्ड्स
किशन ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
किशन अब पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच में तीसरा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। बता दें कि विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ 2022 में नाबाद 82 रन (अहमदाबाद में) और 2012 में नाबाद 78 रन (कोलंबो में) की पारियां खेल चुके हैं। किशन अब पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में 50+ का स्कोर बनाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बने। उनसे पहले गौतम गंभीर (2007) ऐसा कर चुके हैं।
जानकारी
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में 8वीं जीत दर्ज की
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अपनी 8वीं जीत दर्ज की। बता दें कि इस टूर्नामेंट के इतिहास में पाकिस्तान ने सिर्फ एक बार भारत को हराया है।
अयूब
सैम अयूब ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
सैम अयूब ने गेंदबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 25 रन देते हुए 3 विकेट लिए। 64 मैचों में इस स्पिनर ने 21.20 की औसत से 29 विकेट लिए हैं। उन्होंने टी-20 क्रिकेट करियर में अपने 50 विकेट पूरे किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी में वह दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके और 6 रन बनाकर आउट हुए।
अंक तालिका
भारत ने सुपर-8 में किया प्रवेश
भारतीय टीम ने पाकिस्तान से पहले नामीबिया और USA को हराया था। सूर्यकुमार की कप्तानी वाली टीम ग्रुप-A में फिलहाल शीर्ष पर मजबूत है। गत विजेता भारतीय टीम ने सुपर-8 में भी जगह बनाई। दूसरी तरफ पाकिस्तानी टीम की यह पहली हार है। सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम फिलहाल तीसरे पायदान पर खिसक गई है। पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए अपने आखिरी ग्रुप मैच में नामीबिया (18 फरवरी) से हर हाल में जीतना है।
जानकारी
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी सर्वोच्च जीत दर्ज की
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत (61 रन) दर्ज की। इससे पहले भारत ने 2012 में पाकिस्तान को 11 रन से हराया था।