LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: क्या फाइनल मुकाबले में कुलदीप यादव को मिलेगा मौका?
कुलदीप यादव फाइनल में खेलते नजर आ सकते हैं (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप 2026: क्या फाइनल मुकाबले में कुलदीप यादव को मिलेगा मौका?

Mar 06, 2026
02:55 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी संयोजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। टीम प्रबंधन विचार कर रहा है कि प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव को मौका दिया जाए या फिर पूरे टूर्नामेंट का हिस्सा रहे वरुण चक्रवर्ती पर ही भरोसा कायम रखा जाए। टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, जिससे फाइनल में उनके चयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मुकाबले

वरुण ने पिछले मुकाबलों में किया है बेहद खराब प्रदर्शन 

वरुण ने टूर्नामेंट में 13 विकेट लिए हैं, लेकिन हाल के मुकाबलों में उनकी प्रभावशीलता पर सवाल उठे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा, जहां उन्होंने 4 ओवर में 64 रन खर्च किए जो टी-20 विश्व कप में किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे महंगा स्पेल है। पिछले 3 मैचों में बीच के ओवरों में उनकी इकॉनमी काफी बढ़ी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 40 और जिम्बाब्वे के खिलाफ 35 रन लुटाए थे।

विश्व कप

वरुण ने शुरुआती मैचों में किया अच्छा प्रदर्शन 

वरुण के लिए यह टूर्नामेंट दो हिस्सों में बंटा नजर आया। लीग चरण में उन्होंने 4 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6.88 की इकॉनमी से 9 विकेट लिए। इस दौरान भारत के 3 मुकाबले एसोसिएट टीमों के खिलाफ थे। इसके बाद उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली। अगले 4 मैचों में वह सिर्फ 4 विकेट ही ले पाए और उनकी इकॉनमी 11.62 की रही। इन मुकाबलों में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड से हुआ।

Advertisement

मौका

क्यों मिल सकता है वरुण की जगह कुलदीप को मौका?

वरुण की जगह कुलदीप को मौका देना भारत के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। कुलदीप का टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड रहा है और वह अपनी फ्लाइट व बड़े बाउंड्री का बेहतरीन इस्तेमाल करने के लिए जाने जाते हैं, जो अहमदाबाद की पिच पर उनके लिए फायदेमंद हो सकता है। वह मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में से एक हैं। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक 95 विकेट 13.74 की औसत और 6.95 की इकॉनमी से लिए हैं।

Advertisement

प्रदर्शन

शानदार लय में हैं कुलदीप 

कुलदीप का टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। कम से कम 90 विकेट लेने वाले फुल-मेंबर देशों के गेंदबाजों में 13.74 की औसत दूसरा सबसे बेहतरीन है। वह सिर्फ राशिद खान से पीछे हैं, जिनकी औसत 13.73 की है। कुलदीप ने भारत में खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27 विकेट 19.11 की औसत से लिए हैं। वहीं, 2025 की शुरुआत से उन्होंने 41 विकेट 16.97 की शानदार औसत और 7.28 की इकॉनमी से हासिल किए हैं।

Advertisement