Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024: एनरिक नोर्खिया ने श्रीलंका के खिलाफ लिए 4 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड
एनरिक नोर्खिया ने श्रीलंका के खिलाफ लिए 4 विकेट (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2024: एनरिक नोर्खिया ने श्रीलंका के खिलाफ लिए 4 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड

Jun 03, 2024
11:10 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के चौथे मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्खिया ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 4 विकेट लिए। नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उनकी घातक गेंदबाजी के चलते श्रीलंकाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 77 रन पर ही सिमट गई। यह नोर्खिया के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है। उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

ऐसा रहा एनरिक नोर्खिया का प्रदर्शन 

गेंदबाजी के लिए अनुकूल नजर आ रही पिच पर नोर्खिया का दबदबा देखने को मिला। उन्होंने अपने पहले ओवर में ही कामिंदु मेंडिस (11) का विकेट हासिल किया। अपने अगले ओवर में ही उन्होंने कुसल मेंडिस (19) को अपना शिकार बनाया। नोर्खिया की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज बेबस नजर आए। उन्होंने चरित असलंका (6) और एंजेलो मैथ्यूज (16) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर में 7 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।

रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका की ओर से टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 

नोर्खिया के आंकड़े(4/7) अब टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड है। उन्होंने अपने ही पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया है। बता दें कि पिछले संस्करण में उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 10 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की थी। टी-20 विश्व कप में नोर्खिया ने अब तक कुल 11 मैच खेले हैं, जिसमें 8.54 की अविश्वसनीय औसत और 5.02 की इकॉनमी रेट से 24 विकेट लिए हैं।

रिकॉर्ड

टी-20 विश्व कप में तीसरा 4 विकेट हॉल 

नोर्खिया ने तीसरी बार (संयुक्त रूप से सर्वाधिक बार) टी-20 विश्व कप के किसी मैच में 4 विकेट हॉल लिया है। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज सईद अजमल और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन की बराबरी की है। दिलचस्प रूप से नोर्खिया ने अब तक विश्व कप के सभी मैचों में विकेट चटकाए हैं। वह 11 मैचों के बाद इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं।

जानकारी

नोर्खिया ने की टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे किफायती गेंदबाजी 

नोर्खिया ने अपने 4 ओवर में महज 1.75 की इकॉनमी रेट से 4 रन दिए। वह अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में किसी मैच में सबसे किफायती गेंदबाजी (पूरे 4 ओवर) करने वाले खिलाड़ी बने हैं।

श्रीलंका 

श्रीलंका ने बनाया अपना सबसे कम स्कोर 

श्रीलंका का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम स्कोर दर्ज हो गया है। इससे पहले इस प्रारूप में उसका सबसे कम स्कोर 2016 में भारत के खिलाफ (82/10) आया था। टी-20 विश्व कप के इतिहास में श्रीलंका का पिछला सबसे कम स्कोर ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध (87/10, 2010) आया था। इसके साथ-साथ यह (77/10) अब टी-20 विश्व कप में पूर्ण सदस्यीय देशों में 5वां सबसे कम स्कोर भी बन गया है।