Page Loader
टी-20 विश्व कप में अपने सबसे कम स्कोर पर ढेर हुई श्रीलंका, बनाए महज 77 रन
सिर्फ 19.1 ओवर में ढेर हुई श्रीलंकाई टीम (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप में अपने सबसे कम स्कोर पर ढेर हुई श्रीलंका, बनाए महज 77 रन

Jun 03, 2024
09:58 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के चौथे मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने बेहद शर्मनाक प्रदर्शन किया है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के विरुद्ध टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम महज 77 रन पर ही ढेर हो गई। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में श्रीलंका का सबसे कम टीम स्कोर बन गया है। इसके साथ-साथ यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी श्रीलंकाई टीम का सबसे कम स्कोर है।

बल्लेबाजी

सिर्फ 19.1 ओवर में ढेर हुई श्रीलंकाई टीम 

श्रीलंका को पथुम निसानका के रूप में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। प्रोटियाज टीम की घातक गेंदबाजी के सामने श्रीलंका ने पॉवरप्ले के बाद 24/1 का स्कोर बनाया। इसके बाद श्रीलंका के विकेटों का पतझड़ सा लग गया और पूरी टीम 19.1 ओवर में ढेर हो गई। श्रीलंका से कुसल मेंडिस (19), एंजेलो मैथ्यूज (16) और कामिन्दु मेंडिस (11) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। दक्षिण अफ्रीका से एनरिक नोर्खिया ने 4 विकेट लिए।

स्कोर 

श्रीलंका ने शुरुआती 10 ओवर में बनाया अपना सबसे कम स्कोर 

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की घातक गेंदबाजी के चलते श्रीलंका ने 10 ओवर के बाद 40/5 का स्कोर बना लिया था। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शुरुआती 10 ओवर के बाद श्रीलंका का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ श्रीलंका ने 10 ओवर के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 42 रन बनाए थे। इस सूची में श्रीलंका का तीसरा स्कोर 43/7 (बनाम ऑस्ट्रेलिया, केप टाउन 2007) है।

श्रीलंका 

श्रीलंका ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बनाया अपना सबसे कम स्कोर

श्रीलंका का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम स्कोर दर्ज हो गया है। इससे पहले इस प्रारूप में उसका सबसे कम स्कोर 2016 में भारत के खिलाफ (82/10) आया था। टी-20 विश्व कप के इतिहास में श्रीलंका का पिछला सबसे कम स्कोर ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध (87/10, 2010) आया था। इसके साथ-साथ यह (77/10) अब टी-20 विश्व कप में पूर्ण सदस्यीय देशों में 5वां सबसे कम स्कोर भी बन गया है।

गेंदबाजी

ऐसी रही दक्षिण अफ्रिका की गेंदबाजी 

नोर्खिया ने अपने 4 ओवर में 7 रन देते हुए 4 विकेट लिए। यह अब टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड है। उन्होंने अपने ही पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया है। केशव महाराज ने 22 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की। कगिसो रबाडा ने 21 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए। उन्होंने 1 ओवर मेडन भी किया। ओट्टनील बार्टमैन ने 1 विकेट अपने नाम किया।