सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: सूर्यकुमार यादव ने 15 गेंदों में लगाया अर्धशतक, मुंबई को दिलाई जीत
क्या है खबर?
इस समय खेली जा रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में ग्रुप-D के मुकाबले में मुंबई क्रिकेट टीम ने हैदराबाद को 7 विकेट से शिकस्त दी। कोलकाता के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में जीत के लिए मिले 173 रन के लक्ष्य को मुंबई ने हासिल किया। मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तेज अर्धशतक (60*) लगाते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
सूर्यकुमार ने सिर्फ 15 गेंदों में लगाया अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने जब 90 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब सूर्यकुमार क्रीज पर आए।
उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 21 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने मुशीर खान के साथ मिलकर 65 रन की साझेदारी भी की।
आंकड़े
शानदार है सूर्यकुमार का टी-20 करियर
सूर्यकुमार ने अपने टी-20 करियर में अब तक 374 मैच खेले हैं, जिसकी 348 पारियों में उन्होंने 34.71 की औसत और 153.02 की स्ट्राइक रेट के साथ 9,789 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 117 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 शतक और 66 अर्धशतक लगाए हैं।
वह टी-20 प्रारूप में भारत की ओर से फिलहाल विराट कोहली, रोहित शर्मा और शिखर धवन के बाद चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
मुंबई
मुंबई ने इस तरह से जीता मैच
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 172 रन बनाए, जिसमें अभिरथ रेड्डी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए।
मुंबई की ओर से मैक्सवेल स्वामीनाथन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 22 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई से अंगकृष रघुवंशी (27) और हार्दिक तमोरे (23) के बाद मुशीर ने अर्धशतक (51) लगाया।
इसके बाद सूर्यकुमार ने अर्धशतक लगाते हुए सिर्फ 14वें ओवर में जीत दिलाई।
जानकारी
IPL 2026 के बाद अब टी-20 में खेले सूर्यकुमार
सूर्यकुमार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बाद टी-20 मैच में खेलते हुए नजर आए हैं। वह फिलहाल भारत की टी-20 टीम से बाहर चल रहे हैं। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 36.35 की औसत से 3,272 रन बनाए हुए हैं।