
सूर्यकुमार यादव 25 जून को लंदन में कराएंगे अपनी सर्जरी- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव बुधवार को लंदन में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाएंगे। वह हाल ही में स्पोर्ट्स हर्निया से संबंधित चोट के इलाज के लिए विशेषज्ञ से परामर्श करने के लिए यूनाइटेड किंगडम गए थे। ऐसी खबर है कि उन्हें सर्जरी के बाद कुछ दिन आराम करना होगा और वह बेंगलुरु स्थित सेंटर एक्सीलेंस में अपनी रिकवरी करेंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
25 जून को कराएंगे सर्जरी- रिपोर्ट
टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक सूत्र के हवाले से कहा, "सूर्या पेट के निचले हिस्से के दाहिने हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया से पीड़ित हैं। उन्होंने आज लंदन में डॉक्टर से सलाह ली और कल दोपहर (25 जून) को स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाएंगे। सर्जरी के बाद टांके हटने में 10-12 दिन लगेंगे। वह ज्यादा चल नहीं पाएंगे और उन्हें पूरी तरह से आराम करना होगा। इसके बाद सूर्यकुमार बेंगलुरु में BCCI के सेंटर एक्सीलेंस में स्वास्थ्य लाभ लेंगे।"
सर्जरी
सूर्यकुमार पहले भी करवा चुके हैं स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी
भारतीय टीम को अगस्त में टी-20 सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करना है, जिसके लिए सूर्यकुमार निश्चित तौर पर उपलब्ध रहेंगे। यह पिछले 2 साल में दूसरी बार ऐसा हुआ है जब 34 वर्षीय मुंबई के बल्लेबाज को स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी से गुजरना होगा। उन्होंने पिछले साल (जनवरी 2024) म्यूनिख में एक सर्जरी करवाई थी। इससे पहले दिसंबर 2023 में उनके टखने की सर्जरी भी हुई थी।
IPL
आखिरी बार IPL में खेलते दिखे थे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव आखिरी बार IPL 2025 में खेलते हुए दिखे थे। IPL 2025 में सूर्यकुमार ने टीम के लिए बेहद यादगार प्रदर्शन किया। वह 16 मैचों में 65.18 की औसत और 167.91 की स्ट्राइक रेट के साथ 717 रन बनाने में सफल रहे थे। इस सीजन में उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े थे, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन का रहा था। इस सीजन में उन्होंने कुल 69 चौके और 38 छक्के भी जड़े थे।