सूर्यकुमार यादव ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पूरे किये 1,000 रन, बनाए ये रिकॉर्ड
क्या है खबर?
विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 1,000 रन पूरे कर लिए हैं।
वे तीसरे सबसे कम पारियों (31) में यहां तक पहुंचने वाले भारतीय हैं। रोहित (29) और विराट (30) उनसे आगे हैं।
उन्होंने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान हासिल की। उन्होंने चौके के साथ इस उपलब्धि तक पहुंचने का जश्न मनाया।
आइये जानते हैं सूर्यकुमार के टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आंकड़ों और रिकॉर्ड्स के बारे में।
रिकॉर्ड
सबसे कम गेंदों में 1,000 रन बनाने का रिकॉर्ड
सूर्यकुमार ने दूसरे टी-20 में मैदान में उतरने के साथ ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी।
उन्होंने 277 की स्ट्राइक रेट से पांच चौके और पांच छक्कों के सहारे 22 गेंदों में ही 61 रन ठोक दिए।
वे टी-20 में सबसे कम गेंदों में 1,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने सिर्फ 573 गेंदें ही खेलीं।
इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (604 गेंद) के नाम दर्ज था।
अन्य रिकॉर्ड
दूसरा संयुक्त सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले भारतीय
सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 18 गेंदों में यह कारनामा अंजाम दिया।
केएल राहुल ने साल 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जमाया था।
सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले भारतीय पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह हैं, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ मात्र 12 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था।
इस फॉर्मेट में भारत के लिए सूर्यकुमार का यह लगातार तीसरा अर्धशतक रहा।
आंकड़े
सूर्यकुमार के टी-20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़े
सूर्यकुमार लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस साल वे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन (793) बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
इस फॉर्मेट में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए उन्होंने 33 मैचों में 41.24 की औसत से 1,031 रन बना लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रनों का है।
सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक और नौ अर्धशतक दर्ज हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल सबसे ज्यादा छक्के (50) भी इन्होंने ही जमाए हैं।