LOADING...
सूर्यकुमार ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, 3,000 रन भी पूरे किए
सूर्यकुमार यादव ने पूरे किए 3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन

सूर्यकुमार ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, 3,000 रन भी पूरे किए

Jan 31, 2026
08:46 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें और आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (63) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 24वां और कीवी टीम के खिलाफ चौथा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 26 गेंदों पूरा किया। इस दौरान उन्होंने अपने 3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए। उनकी पारी से भारतीय टीम मैच में 271/5 का विशाल स्कोर खड़ा करने में भी सफल रही।

बल्लेबाजी

कैसी रही सूर्यकुमार की पारी और साझेदारी?

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48 रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी पर आए सूर्यकुमार ने ईशान किशन (103) के साथ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों में 137 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। इस दौरान पहले ईशान ने और फिर सूर्यकुमार ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। सूर्यकुमार अपनी इस पारी में 30 गेंदों में 4 चौके और 6 छक्कों से 63 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड

सूर्यकुमार ने सबसे कम गेंदों में पूरे किए 3,000 रन

सूर्यकुमार ने पारी का 33वां रन बनाते ही अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 3,000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने 98वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया है। वह सबसे गेंदों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 1,822 गेंदों में इस आंकड़े को छुआ है। उन्होंने इस मामले में UAE के मोहम्मद वसीम (1,947 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस सूची में अन्य बल्लेबाज जोस बटलर (2,068), आरोन फिंच (2,077), डेविड वार्नर (2,113) और रोहित शर्मा (2,149) हैं।

Advertisement

रिकॉर्ड

एक द्विपक्षीय सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान

इस पारी के साथ सूर्यकुमार के इस सीरीज में 5 मैचों में 242 रन हो गए हैं। वह एक द्विपक्षीय सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली (231 बनाम इंग्लैंड, 2021) को पीछे छोड़ दिया है। सूर्यकुमार ने 13वीं बार पारी में 200+ की स्ट्राइक रेट के साथ 50+ का स्कोर बनाया है। इस मामले में वेस्टइंडीज के एविन लुईस और ऑस्ट्रेलिया ग्लेन मैक्सवेल (8-8) दूसरे नंबर पर हैं।

Advertisement

निराशा

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहली बार स्टम्प आउट हुए सूर्यकुमार

सूर्यकुमार के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में यह पहला मौका है जब वह स्टम्प आउट हुए हैं। इससे पहले वह कभी भी स्टम्प आउट नहीं हुए थे। सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। भारत के लिए इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज कोहली हैं, जिन्होंने 4,188 रन अपने नाम किए हैं। दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा (4,231) है। इन दोनों ने ही इस प्रारूप से संन्यास ले लिया है।

करियर

कैसा रहा है सूर्यकुमार का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

सूर्यकुमार ने साल 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वह अब तक 104 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिसकी 98 पारियों में 36.95 की औसत और 165.48 की स्ट्राइक रेट से 3,030 रन अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 117 रन का रहा है। वह 24 अर्धशतक के अलावा 4 शतक भी अपने नाम कर चुके हैं। वह भारत से तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

Advertisement