
टी-20 विश्व कप: सबसे तेज 100 से ज्यादा रन चेज करने वाली टीमों पर एक नजर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 के 46वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए USA क्रिकेट टीम के खिलाफ 9 विकेट से जीत दर्ज की।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए USA ने 19.5 ओवर में 128 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज ने 10.5 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
आइए जानते हैं टी-20 विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गेंद शेष रहते हुए किन टीमों ने 100 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा किया है।
#1
ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका- 58 गेंद, 2007
साल 2007 के टी-20 विश्व कप में श्रीलंका क्रिकेट टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका सिर्फ 101 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
स्टुअर्ट क्लार्क ने 20 रन देकर 4 विकेट लिए थे। जवाब में कंगारू टीम ने सिर्फ 10.2 ओवर में बिना विकेट खोए लक्ष्य प्राप्त कर लिया था।
जब ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली तो 58 गेंद बची थी। मैथ्यू हेडन ने 58 और एडम गिलक्रिस्ट ने 31 रन की पारी खेली थी।
#2
वेस्टइंडीज बनाम USA- 55 गेंद, 2024
वेस्टइंडीज और USA के बीच खेला गया मुकाबला इस सूची में दूसरे स्थान पर है। वेस्टइंडीज ने 129 रन के लक्ष्य का पीछा 55 गेंद शेष रहते हुए कर लिया।
शाई होप ने मैच में 39 गेंद में 82* रन की धमाकेदार पारी खेली थी। उन्होंने पहले विकेट के लिए जॉनसन चार्ल्स के साथ 67 रन जोड़े थे। इस साझेदारी में चार्ल्स का योगदान सिर्फ 15 रन था।
निकोलस पूरन ने 12 गेंद में 27* रन की पारी खेली थी।
#3
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया- 50 गेंद, 2021
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच साल 2021 के टी-20 विश्व कप में एकतरफा मुकाबला खेला गया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम सिर्फ 125 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
जवाब में जेसन रॉय ने 20 गेंद में 22 रन बनाए थे। जोस बटलर ने सिर्फ 32 गेंद में 71* रन जड़ दिए थे। 126 रन का लक्ष्य जब इंग्लैंड की टीम ने हासिल किया तो 50 गेंदें बची हुई थी।
#4
पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड- 41 गेंद, 2009
2009 के टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमर गुल ने 5/6 के आंकड़े दर्ज किए थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम सिर्फ 99 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
पाकिस्तान ने यह लक्ष्य 4 विकेट खोकर 13.1 ओवर में हासिल कर लिया था।
शाहबाज हसन ने 28 गेंद में 35 रन की पारी खेली थी। शाहिद अफरीदी ने सिर्फ 18 गेंद में 29* रन बनाए थे। पाकिस्तान को जब जीत मिली तब 41 गेंदें बची हुई थी।