Page Loader
कोहली बनाम रोहित: IPL में कौन बेहतर है? जानिए क्या कहते हैं आंकड़े

कोहली बनाम रोहित: IPL में कौन बेहतर है? जानिए क्या कहते हैं आंकड़े

लेखन Neeraj Pandey
Jul 26, 2020
08:00 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आयोजन इस साल 19 सितंबर से शुरु होना है और इस बार टूर्नामेंट UAE में खेला जाएगा। इस बेहतरीन टी-20 टूर्नामेंट में भारत के दो बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के सामने कई रिकॉर्ड्स होंगे। सालों से दोनों ही खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजियों के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करते आ रहे हैं। एक नजर डालते हैं IPL में कोहली और रोहित के तुलनात्मक विवरण पर।

सबसे ज़्यादा रन

IPL में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं कोहली

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के कप्तान विराट कोहली IPL में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 177 मैचों में 37.84 की औसत के साथ 5,412 रन बनाए हैं। आने वाले सीजन में वह IPL में 6,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। रोहित शर्मा ने 31.60 की औसत से 4,898 रन बनाए हैं और तीसरे स्थान पर हैं। वह 5,000 रन पूरा करने से केवल 102 रन ही पीछे हैं।

शतक

कोहली ने लगाए हैं पांच IPL शतक

IPL में शतक लगाने के मामले में भी कोहली मुंबई के कप्तान से आगे हैं। कोहली अब तक IPL में पांच शतक लगा चुके हैं। हालांकि, 2016 IPL के बाद से अब तक कोहली IPL में एक भी शतक नहीं लगा सके हैं। कोहली ने 2016 में रिकॉर्ड चार शतक लगाए थे। रोहित की बात करें तो वह अब तक IPL में केवल एक ही शतक लगा सके हैं।

कप्तानी

IPL के सबसे सफल कप्तान हैं रोहित

IPL इतिहास में रोहित सबसे सफल कप्तान हैं और उन्होंने पिछले साल मुंबई को रिकॉर्ड चौथी बार IPL खिताब जिताया था। एक खिलाड़ी के तौर पर रोहित पांच बार IPL जीत चुके हैं जिसमें 2009 में डेक्कन चार्जर्स के साथ जीता खिताब भी शामिल है। कोहली की बात करें तो वह कप्तान या खिलाड़ी किसी भी रूप में अब तक एक भी बार खिताब नहीं जीत सके हैं।

जानकारी

कप्तान के रूप में दोनों का प्रदर्शन

कोहली की कप्तानी में RCB ने 110 में से 55 गंवाए हैं और 49 में जीत हासिल की है। रोहित ने मुंबई को 104 में से 60 मैच जिताए हैं और उनकी जीत प्रतिशत 58.65 का रहा है।

चौके और छक्के

रोहित ने ज़्यादा छक्के तो कोहली ने लगाए हैं ज़्यादा चौके

छक्के लगाने की बात करें तो रोहित ने कोहली पर बढ़त बना रखी है, लेकिन कोहली उनसे ज़्यादा पीछे नहीं हैं। रोहित ने IPL में 194 छक्के लगाए हैं तो वहीं कोहली 190 छक्के लगाकर छठे स्थान पर हैं। क्रिस गेल (326), एबी डिविलियर्स (212) और एमएस धोनी (209) ने लीग में सबसे ज़्यादा छक्के लगाए हैं। विराट कोहली (480) ने रोहित (431) से ज़्यादा चौके लगाए हैं।