श्रीलंका बनाम भारत: सोनल दिनुशा ने लगाया टेस्ट में अपना पहला शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी सोनल दिनुशा ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ गॉल टेस्ट में अपनी पहली पारी में शतक (100) लगाकर प्रभावित किया है। एक समय श्रीलंकाई टीम ने 90 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, ऐसे में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टीम को संकट से उबारा है। उन्होंने अनुभवी निरोशन डिकवेला के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
संघर्षपूर्ण रही दिनुशा की पारी
भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे। इस स्कोर के जवाब में श्रीलंका ने जब 59 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब दिनुशा क्रीज पर आए।
25 वर्षीय इस बल्लेबाज ने भारतीय स्पिनरों का डटकर सामना किया और उन्हें दूसरे छोर से डिकवेला का अच्छा साथ मिला।
तीसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 168 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हुए।
साझेदारी
दिनुशा और डिकवेला ने की बड़ी शतकीय साझेदारी
लगभग 3 साल बाद टेस्ट खेलने वाले डिकवेला 80 रन बनाकर आउट हुए।
टेस्ट मैचों में भारत के खिलाफ श्रीलंका के लिए छठे या उससे निचले विकेट के लिए डिकवेला और दिनुशा ने तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी (146 रन) है।
इससे पहले महेला जयवर्धने और प्रसन्ना जयवर्धने के बीच 351 रन (अहमदाबाद, 2009) और हशन तिलकरत्ने और थिलन समरवीरा के बीच 194* रन (कोलंबो, 2001) की साझेदारी हुई थी।
करियर
ऐसा है दिनुशा का टेस्ट करियर
दिनुशा ने 2025 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
उन्होंने अब तक 4 टेस्ट की 6 पारियों में 286 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है।
उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना इकलौता अर्धशतक लगाया था।
वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने अब तक 6 पारियों में 6 ही विकेट लिए हैं।
श्रीलंका
श्रीलंका ने फॉलो-ऑन टाला, भारत को 178 रन की बढ़त
दिनशा और डिकवेला की पारियों की मदद से श्रीलंका ने फॉलो-ऑन टालने में सफलता हासिल की है।
मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 284 रन बनाए।
भारत ने पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त हासिल की।
मेहमान टीम से मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 76 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
रविंद्र जडेजा ने 3 सफलताएं हासिल की।