
श्रीलंका बनाम बांग्लादेश: नजमुल शांतो ने जड़ा WTC 2025-27 का पहला शतक, 2,000 रन भी पूरे
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बल्लेबाज नजमुल हुसैन शांतो ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (136*) खेली।
यह उनके टेस्ट क्रिकेट करियर का छठा और श्रीलंका के खिलाफ दूसरा शतक रहा, जिसे उन्होंने 205 गेंदों में पूरा किया।
इसी तरह शांतो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी ही शांतो की पारी और साझेदारी?
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज 39 रन के कुल स्कोर तक पवेलियन लौट चुके थे।
इसके बाद बल्लेबाजी पर उतरे शांतो ने मोमिनुल हक (29) के साथ पारी को संभाला और उसके बाद मुशफिकुर रहीम (105*) के साथ 247 रन की अविजित साझेदारी करते हुए टीम को मुश्किल से बाहर निकाला।
शांतो अपनी पारी में अब तक 14 चौके और 1 छक्का जड़े चुके हैं और अभी क्रीज पर टिके हुए हैं।
उपलब्धि
शांतो ने पूरे किए 2,000 टेस्ट रन
शांतो ने अपनी पारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। पारी का 111वां रन बनाते ही उनके टेस्ट करियर में 2,000 रन पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले बांग्लादेश के 10वें बल्लेबाज बने हैं।
बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड रहीम (6,160*) के नाम दर्ज है। इस सूची में तमीम इकबाल (5,134) दूसरे, शाकिब अल हसन (4,609) तीसरे, मोमिनुल हक (4,577) चौथे और हबिबुल बशर (3,026) 5वें पायदान पर हैं।
उपलब्धि
शांतो और रहीम ने साझेदारी में भी हासिल की उपलब्धि
शांतो और रहीम श्रीलंका की धरती पर दोहरी शतकीय साझेदारी करने वाली तीसरी बांग्लादेशी जोड़ी बन गई है। इससे पहले मोहम्मद अशरफुल और रहीम (267, 2013) और मोमिनुल हक और शांतो (242, 2021) ने यह कारनामा किया था।
शांतो अब श्रीलंका टीम के खिलाफ 7 टेस्ट मैचों में 28 से अधिक की औसत से 368 रन बना चुके हैं। इसमें 2 शतक भी शामिल है।
यह श्रीलंका की धरती पर पांच पारियों में उनका दूसरा शतक है।
करियर
कैसा रहा है शांतो का टेस्ट करियर?
शांतो ने जनवरी 2017 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 36 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसकी 67 पारियों में 31.15 की औसत और 52.45 की स्ट्राइक रेट से 2,025* रन बनाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 163 रन का रहा है।
उन्होंने फील्डिंग में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अब तक 29 कैच अपने नाम कर लिए हैं।