Page Loader
दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत: तिलक वर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला शतक लगाया, जानिए आंकड़े
तिलक वर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अपना पहला शतक लगाया (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत: तिलक वर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला शतक लगाया, जानिए आंकड़े

Nov 13, 2024
10:56 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम से तिलक वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शानदार शतकीय पारी (106*) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है, जिसकी बदौलत टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 से अधिक का स्कोर बनाया है। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी निभाई। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही तिलक की पारी 

भारत ने शून्य के टीम स्कोर पर जब संजू सैमसन का विकेट खोया, तब तिलक क्रीज पर आए। उन्होंने पावरप्ले ओवर्स के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी की और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने अभिषेक के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 107 रन की बड़ी साझेदारी भी की। उन्होंने पारी के 19वें ओवर के दौरान अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। उन्होंने 56 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत 107* रन बनाए।

जानकारी

इस सूची में शामिल हुए तिलक

अपनी इस पारी के साथ तिलक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि रोहित शर्मा, सुरेश रैना, सैमसन और सूर्यकुमार यादव 1-1 शतक लगा चुके हैं।

करियर 

ऐसा रहा है तिलक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

तिलक ने 2023 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। अब तक उन्होंने 19 मैचों की 18 पारियों में 450 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक के अलावा 2 अर्धशतक लगाए हैं। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके करियर का पहला 50+ स्कोर रहा है। मौजूदा सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में उन्होंने 33 और 20 रन बनाए थे।

जानकारी

शतक जड़ने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय  

22 वर्षीय तिलक अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ यशस्वी जायसवाल (21 वर्ष) उनसे कम उम्र में शतक जड़ चुके हैं।

लेखा-जोखा 

भारत ने दक्षिण अफ्रीका में अपना सर्वोच्च स्कोर

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 219/6 का स्कोर बनाया। यह दक्षिण अफ्रीका में भारत का सर्वोच्च स्कोर है। तिलक के अलावा अभिषेक ने 50 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका से एंडिले सिमेलाने और केशव महाराज ने 2-2 विकेट लिए। मार्को येंसन को सिर्फ 1 सफलता हासिल हुई। अपने 3 ओवर में 51 रन लुटाने वाले गेराल्ड कोएट्जी कोई विकेट नहीं ले सके।