Page Loader
दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में हराया, WTC फाइनल में बनाई जगह 
दक्षिण अफ्रीका ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में हराया, WTC फाइनल में बनाई जगह 

Dec 29, 2024
04:59 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला तेम्बा बावूमा की टीम ने 2 विकेट से अपने नाम कर लिया है। दक्षिण अफ्रीका इस जीत के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2024-25 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए सिर्फ 148 रन चाहिए थे। उन्होंने 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मुकाबले पर एक नजर डाल लेते हैं।

लेखा-जोखा

मुकाबले का लेखा-जोखा

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। उसका यह फैसला सही साबित हुआ और पाकिस्तान की पहली पारी 211 रन पर सिमट गई। डेन पैटरसन ने 5 विकेट झटके। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी 301 रन पर खत्म हुई। पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में 237 रन बनाए और अफ्रीकी टीम को 148 रन का लक्ष्य दिया। मार्को येन्सन ने दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। दक्षिण अफ्रीका को लगातार झटके तो लगे, लेकिन उन्होंने लक्ष्य हासिल कर लिया।

विकेट

35 साल के पैटरसन ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ लिया 5 विकेट हॉल

पैटरसन ने पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 16 ओवर गेंदबाजी की और 4 मेडन ओवर के साथ 61 रन खर्च किए और 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उन्होंने सैम अयूब (14), बाबर आजम (4), कामरान गुलाम (54), मोहम्मद रिजवान (27) और सलमान अली आघा (18) को अपना शिकार बनाया। पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे पैटरसन ने 5 विकेट हॉल लिए। उन्होंने अब तक 7 टेस्ट खेले हैं और 25 विकेट झटके हैं।

घातक

येन्सन ने झटके 6 विकेट 

पाकिस्तान की दूसरी पारी में येन्सन ने 14 ओवर गेंदबाजी की और 3 मेडन ओवर के साथ 52 देकर 6 विकेट लिए। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल रहा। पाकिस्तान के खिलाफ इस खिलाड़ी ने पहली बार 5 विकेट हॉल लिया है। उन्होंने अब तक 16 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 28 पारियों में 20.74 की औसत से 70 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/13 का रहा है।

अर्धशतक

मार्करम ने खेली 89 रन की पारी 

दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में मार्करम ने 144 गेंदों का सामना करते हुए 89 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 15 चौके निकले थे। दूसरी पारी में मार्करम ने 63 गेंदों का सामना करते हुए 37 रन बनाए थे। मार्करम के टेस्ट करियर का यह 13वां अर्धशतक रहा। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 6 टेस्ट मैच खेले हैं और 50.36 की औसत से 554 रन बनाए हैं।

गेंदबाजी

अब्बास की घातक गेंदबाजी नहीं दिला पाई पाकिस्तान को जीत 

दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में मोहम्मद अब्बास ने घातक गेंदबाजी की और 6 विकेट झटके। उन्होंने 19.3 ओवर गेंदबाजी की और 6 मेडन ओवर डाले। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने पहली बार 5 विकेट हॉल लिया है। यह खिलाड़ी साल 2021 के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेल रहा था। 34 साल के अब्बास ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 29 की औसत से 12 विकेट झटके हैं।

प्रदर्शन 

अब तक के WTC चक्र में कैसा रहा है दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन?

दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार WTC फाइनल में प्रवेश किया है। प्रोटियाज इससे पहले 2019-21 के पहले चक्र में छठे स्थान पर रहे थे। इसके बाद 2021-23 चक्र में वह तीसरे स्थान पर रहे थे। मौजूदा चक्र में यह टीम शीर्ष पर चल रही है। दक्षिण अफ्रीका को अभी 1 मुकाबला और खेलना है। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम या भारतीय क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका का प्रतिद्वंद्वी हो सकता है।

रन

बाबर आजम ने पूरे किए 4,000 रन 

बाबर ने इस मुकाबले में 4,000 टेस्ट रन पूरे कर लिए। उन्होंने अब तक 56 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 102 पारियों में 43.55 की औसत से 4,051 रन बनाए हैं। वह पाकिस्तान की ओर से टेस्ट प्रारूप में यह आंकड़ा छूने वाले 12वें बल्लेबाज बने हैं। बाबर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में 4,000 रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले भारत के रोहित शर्मा और विराट कोहली ही ऐसा कर सके हैं।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post