Page Loader
IPL: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कैसा रहा है श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन?
इस बार KKR की कप्तानी करेंगे अय्यर

IPL: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कैसा रहा है श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन?

Mar 25, 2022
06:17 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की शुरुआत 26 मार्च से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच मुकाबले से हो जाएगी। इस बार KKR की कप्तानी करने वाले श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहने वाली है। अय्यर की नई टीम ने उन्हें IPL 2022 की नीलामी में 12.25 करोड़ रुपये की बड़ी राशि देकर खरीदा है। इस बीच अय्यर के CSK के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

अय्यर बनाम चेन्नई

चेन्नई के खिलाफ अय्यर का प्रदर्शन

अय्यर ने अब तक CSK के खिलाफ 11 मैचों में 23.60 की औसत के साथ 236 रन बनाए हैं। वह अब तक CSK के खिलाफ सिर्फ एक अर्धशतक लगा पाये हैं और इस बीच नाबाद 70 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। अय्यर ने CSK के खिलाफ 106.78 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जिसमें 22 चौके और चार छक्के शामिल रहे हैं।

मुख्य गेंदबाज

चेन्नई के मुख्य गेंदबाजों के खिलाफ अय्यर का प्रदर्शन

रविंद्र जडेजा ने अय्यर को आसानी से रन नहीं बनाने दिए हैं। जडेजा के खिलाफ अय्यर ने 52 गेंदों में 47 रन बनाए हैं और एक बार जडेजा का शिकार बने हैं। इस बीच अय्यर सिर्फ एक छक्का और तीन चौके लगा सके हैं। ड्वेन ब्रावो के खिलाफ अय्यर का स्ट्राइक-रेट 114.28 का रहा है। अय्यर ने ब्रावो की 14 गेंदों में 16 रन बनाए हैं। इस बीच ब्रावो एक बार अय्यर का विकेट ले सके हैं।

करियर

ऐसा रहा है अय्यर का IPL करियर

श्रेयस अय्यर को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने IPL 2015 में अपने साथ शामिल किया था। उन्होंने अब तक IPL में 87 मैचों में 31.66 की औसत से 2,375 रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 96 रन रहा है। ​अपने IPL करियर में अय्यर ने अब तक कोई शतक नहीं लगाया है। हालांकि, वह 16 अर्धशतक लगा चुके हैं। ​इसके अलावा अय्यर ने 196 चौके और 88 छक्के भी लगाए हैं।

जानकारी

पिछले सीजन में अय्यर का प्रदर्शन

पिछले सीजन में अय्यर ने दिल्ली की ओर से आठ मैच खेले थे, जिसमें 35.00 की औसत से सिर्फ 175 रन ही बना सके थे। इस दौरान वह कोई अर्धशतक भी नहीं लगा सके थे और उनका सर्वोच्च स्कोर 47* रहा था।