श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड-इंग्लैंड की हार से ली सीख, बोले- जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं लेंगे
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम 23 जुलाई को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ हरारे में टी-20 सीरीज का पहला मैच खेलेगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर खेली अपनी पिछली 2 टी-20 सीरीज में हार का सामना किया था। अब अय्यर ने स्पष्ट किया है कि जिम्बाब्वे के विरुद्ध होने वाली आगामी सीरीज को भारतीय टीम हल्के में नहीं लेने वाली है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
हमें जल्द से जल्द हालात के हिसाब से ढलना होगा- अय्यर
हरारे में बुधवार को मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अय्यर ने कहा, "हमें जल्द से जल्द हालात के हिसाब से ढलना होगा। क्योंकि आयरलैंड में हमारे साथ यही हुआ था। हमें एक तरह से अपनी असलियत का पता चला था। इसलिए यहां जैसे ही हम हालात को समझेंगे, सही तरीके से खेलेंगे।"
उन्होंने कहा, "हममें से कुछ खिलाड़ी पहली बार खेल रहे हैं, इसलिए हम जितनी जल्दी ढल जाएंगे, नतीजे उतने ही बेहतर होंगे।"
बयान
इंग्लैंड से मिली हार के बाद लिया सबक
कप्तान ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में 0-4 से मिली हार से उन्होंने कुछ सकारात्मक सबक भी लिए हैं।
उन्होंने आगे कहा, "इंग्लैंड में हमारा समय मुश्किल भरा रहा था। लेकिन उससे कई अच्छी बातें भी सामने आईं। हमें पता चला कि आगे एक टीम के तौर पर हमें क्या बनाना है, और मैदान पर उतरने के बाद हमें किस तरह के 'प्रेजेंस ऑफ माइंड' की जरूरत है।"
अय्यर
अय्यर ने बनाया है ये अनचाहा रिकॉर्ड
अय्यर उन कप्तानों की सूची में शामिल हुए, जिन्होंने लगातार 6 टी-20 मैच हारे हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान लगातार सर्वाधिक मैच हारने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के एल्टन चिगुम्बुरा के नाम दर्ज है, जिन्होंने 13 मैच गंवाए थे।
सूची में जिम्बाब्वे के ही ब्रेंडन टेलर (10 हार) दूसरे, श्रीलंका के पूर्व कप्तान थिसारा परेरा (9 हार) तीसरे और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (6 हार) चौथे नंबर पर हैं।