Page Loader
IPL तक चेतन शर्मा की जगह शिव सुंदर दास होंगे चयन समिति के अध्यक्ष- रिपोर्ट 
चेतन शर्मा ने 17 फरवरी को मुख्य चयनकर्ता के पद से इस्तीफा दिया था (तस्वीर: ट्विटर/@chetans1987)

IPL तक चेतन शर्मा की जगह शिव सुंदर दास होंगे चयन समिति के अध्यक्ष- रिपोर्ट 

Feb 22, 2023
11:18 am

क्या है खबर?

चेतन शर्मा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्य चयनकर्ता के पद से शुक्रवार (17 फरवरी) को इस्तीफा दे दिया था। एक न्यूज चैनल ने उनका स्टिंग किया था, जिसके बाद वह विवादों में घिर गए थे। उनकी जगह शिव सुंदर दास को चयन समिति का प्रमुख (अंतरिम रूप से) बनाया गया था। अब दास इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) तक मुख्य चयनकर्ता रहेंगे। उसके बाद ही उनको लेकर फैसला लिया जाएगा। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

BCCI ने क्या कहा?

BCCI के एक अधिकारी ने इनसाइड स्पोर्ट्स से कहा, "शिव सुंदर दास ही अभी के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के अंतरिम अध्यक्ष होंगे। हम 5वें चयनकर्ता पर सही समय पर फैसला करेंगे। ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है और उसके बाद IPL के लिए हमारे पास 2 महीने का गैप है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल या फिर IPL के दौरान हम नए अध्यक्ष के बार में सोचेंगे।"

टीम

BCCI असमंजस में फंसा 

चेतन के बाद चयन समिति में अब 4 सदस्य हैं। BCCI इस बात को लेकर असमंजस में है कि शॉर्टलिस्ट किए गए कुछ उम्मीदवारों को वापस बुलाया जाए या नए आवेदन आमंत्रित किए जाएं। पिछली बार जब BCCI के एक आवेदन पर लगभग 1,000 लोग आए थे। पिछले साल टी-20 विश्व कप में भारत के बाहर होने के बाद चेतन की अगुवाई वाली चयन समिति को बर्खास्त कर दिया था। जनवरी 2023 में उन्हें फिर से बहाल कर दिया गया।

चयन समिति 

अभी कौन हैं चयन समिति के सदस्य?

अभी चयन समिति में दास के अलावा सुब्रतो बनर्जी, सलिल अंकोला और श्रीधरन शरथ हैं। सुब्रतो ने भारत के लिए 1 टेस्ट, 6 वनडे और 59 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। अंकोला ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 1 टेस्ट, 20 वनडे और 54 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। शरथ ने 139 फर्स्ट क्लास मुकाबले और 116 लिस्ट-A मैच खेले हैं। ये सभी चेतन के साथ भी समिति का हिस्सा थे।

करियर

कैसा रहा है दास का करियर?

दास ने साल 2000 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। भारत के सलामी बल्लेबाज रहे दास ने 23 टेस्ट खेले और इनमें उन्होंने 34.89 की औसत से 1,326 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 9 अर्धशतक भी लगाए। उन्होंने 2001 में वनडे अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था। उन्हें सिर्फ 4 वनडे मुकाबलों में मौका मिला, जिसमें उन्होंने 39 रन बनाए थे। दास का जन्म 5 नवंबर, 1977 को भुवनेश्वर में हुआ था।

खुलासा 

स्टिंग के दौरान चेतन शर्मा ने किए थे अहम खुलासे 

चेतन ने स्टिंग के दौरान खुलासा किया था कि जसप्रीत बुमराह को चोट के बावजूद सितंबर, 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने के लिए मंजूरी दे दी गई थी। जिसके चलते वह टी-20 विश्व कप से बाहर हो गए थे। उन्होंने आगे बताया था कि विराट कोहली की कप्तानी सौरव गांगुली की वजह से नहीं गई थी। इसके अलावा उन्होंने ये भी जानकारी दी थी कि कोहली और रोहित शर्मा के बीच कोई मनमुटाव नहीं है।