Page Loader
सहवाग ने मैक्सवेल पर फिर साधा निशाना, कहा- IPL में सिर्फ मजे करने आते हैं

सहवाग ने मैक्सवेल पर फिर साधा निशाना, कहा- IPL में सिर्फ मजे करने आते हैं

संपादन Manoj Panchal
Dec 09, 2020
07:30 pm

क्या है खबर?

बीते मंगलवार को सिडनी में खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 12 रनों से हरा दिया। इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल (54 रन, 36 गेंद) ने शानदार पारी खेली थी। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2020 में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से शानदार बल्लेबाजी की है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने मैक्सवेल पर निशाना साधा है। सहवाग ने कहा है कि मैक्सवेल IPL में सिर्फ मजे करने आते हैं।

बयान

मैक्सवेल IPL को गंभीरता से नहीं लेते- सहवाग

KXIP के मेंटॉर रह चुके सहवाग का मानना है कि मैक्सवेल IPL को गंभीरता से नहीं लेते हैं, जबकि अपनी राष्ट्रीय टीम से अपना शत-प्रतिशत देते हैं। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक सहवाग ने कहा, "जब वह ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हैं तो उनका रवैया बदल जाता है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए वह जानते हैं कि अगर उनकी दो या तीन खराब पारियां होती हैं, तो वह टीम से बाहर हो जाएंगे और वापसी करना मुश्किल होगा।"

बयान

मैक्सवेल IPL में सिर्फ मजे करने आते हैं- सहवाग

सहवाग ने आगे कहा, "वह (मैक्सवेल) IPL में बिल्कुल दबाव नहीं लेते और केवल मजे करते हैं। वह मैच में सब कुछ करेंगे, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेंगे, घूमेंगे-फिरेंगे, लेकिन रन नहीं बनाएंगे। मैच खत्म होते ही फ्री की ड्रिंक्स लेकर अपने कमरे में चले जाएंगे।"

प्रदर्शन

इस वनडे और टी-20 सीरीज में ऐसा रहा मैक्सवेल का प्रदर्शन

IPL का खराब सीजन बीतने के बाद मैक्सवेल ने फॉर्म में जबरदस्त वापसी की है। भारत के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में उन्होंने तीन मैचों में 83.50 की जबरदस्त औसत से 167 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 63* रनों की बेस्ट पारी के साथ दो अर्धशतक लगाए थे। इसके बाद हुई टी-20 सीरीज में मैक्सवेल ने तीन मैचों में 26 की औसत और एक अर्धशतक की मदद से 78 रन बनाए हैं।

आंकड़े

ऐसा रहा था मैक्सवेल का IPL में प्रदर्शन

ग्लेन मैक्सवेल के लिए IPL 2020 किसी बुरे सपने जैसा रहा था। उन्होंने इस सीजन में 13 मैचों में 32 के सर्वाधिक स्कोर के साथ सिर्फ 108 रन बनाए। निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले मैक्सवेल पूरे टूर्नामेंट में एक छक्का भी नहीं लगा सके। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने सिर्फ तीन विकेट लिए। उनकी टीम प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने सिर्फ छह लीग मैच जीते और अंक तालिका में छटवें स्थान पर रही थी।

पुराना मामला

पहले सहवाग ने मैक्सवेल को कहा था '10 करोड़ का चीयरलीडर'

यह पहला मौका नहीं है जब सहवाग, मैक्सवेल की आलोचना कर रहे हों। इससे पहले सहवाग ने मैक्सवेल को '10 करोड़ का चीयरलीडर' कहा था। दरअसल, KXIP ने मैक्सवेल को 10.75 करोड़ की बड़ी धनराशि में खरीदा था। इस पर मैक्सवेल ने जवाब में कहा था, "वीरू मुझे पसंद नहीं करते हैं। वह जो चाहे वो बोल सकते हैं। ऐसे बयानों के चलते ही वीरू खबरों में बने रहते हैं। मैं ऐसी चीजों से निपटकर आगे बढ़ जाता हूं।"