
सरफराज खान ने प्रथम श्रेणी में लगभग 70 की औसत से बनाए हैं रन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बीते सोमवार (29 जनवरी) को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले टीम में कुछ बदलाव किए।
हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में चोटिल होने वाले रविंद्र जडेजा और केएल राहुल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं, वहीं सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर और सौरभ कुमार को दूसरे टेस्ट के लिए जोड़ा गया है।
आइए सरफराज के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर पर एक नजर डालते हैं।
हालिया फॉर्म
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं सरफराज
सरफराज इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह हाल ही में इंडिया-A की टीम से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे।
पहले अनौपचारिक टेस्ट में उन्होंने 4 और 55 रन के स्कोर किए थे।
इसके बाद दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में 160 गेंदों का सामना करते हुए 161 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी इस बड़ी शतकीय पारी में 18 चौके और 5 छक्के भी लगाए थे।
आंकड़े
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लगभग 70 का है सरफराज का औसत
मुंबई क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले सरफराज ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 45 मैच खेले हैं, जिसमें 69.85 की औसत से 3,912 रन बनाए हैं।
इस बीच उनके बल्ले से 14 शतक और 11 अर्धशतक आए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 301 रन रहा है।
उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2014-15 में बंगाल के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी।
शतक
बड़े शतक लगाने के लिए जाने जाते हैं सरफराज
क्रीज पर टिक जाने के बाद सरफराज लंबी-लंबी पारियां खेलने के लिए जाने जाते हैं। 14 प्रथम श्रेणी शतकों में से 9 में उन्होंने 150 से अधिक के स्कोर किए हैं।
सरफराज की बड़े शतक इस प्रकार रहे हैं:
161 बनाम इंग्लैंड लायंस (2024)
162 बनाम तमिलनाडु (2023)
153 बनाम उत्तराखंड (2022)
165 बनाम ओडिशा (2022)
275 बनाम सौराष्ट्र (2022)
177 बनाम मध्य प्रदेश (2020)
226* बनाम हिमाचल प्रदेश (2020)
301* बनाम उत्तर प्रदेश (2020)
155 बनाम मध्य प्रदेश (2015)
रणजी
रणजी ट्रॉफी के पिछले 3 सीजन में खूब चला है सरफराज का बल्ला
रणजी ट्रॉफी 2022-23 में सरफराज ने 9 पारियों में 92.66 की औसत से 556 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक शामिल थे।
इससे पहले सरफराज ने रणजी ट्रॉफी 2019-20 सीजन में 154.66 की औसत से 928 रन बनाए थे।
वहीं 2021-22 के सीजन में उन्होंने 122.75 की औसत से 982 रन अपने नाम किए थे।
इंडिया-A की ओर से खेलने के चलते वह मौजूदा सीजन में अब तक सिर्फ 1 मैच ही खेल पाए हैं।
मुशीर
सरफराज के छोटे भाई मुशीर खान खेल रहे हैं अंडर-19 विश्व कप
सरफराज के छोटे भाई मुशीर खान इस समय दक्षिण अफ्रीका में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शतक (118) और USA के खिलाफ अर्धशतक (73) भी लगाया है।
दिलचस्प रूप से उनके बड़े भाई सरफराज भी अंडर-19 विश्व कप में खेल चुके हैं।
बता दें कि मुशीर मुंबई की ओर से 3 प्रथम श्रेणी मैच भी खेल चुके हैं।
पोल