Page Loader
ईरानी कप में दोहरा शतक जड़ने वाले मुंबई के पहले बल्लेबाज बने सरफराज खान, जानिए आंकड़े 
सरफराज खान ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

ईरानी कप में दोहरा शतक जड़ने वाले मुंबई के पहले बल्लेबाज बने सरफराज खान, जानिए आंकड़े 

Oct 02, 2024
04:23 pm

क्या है खबर?

मुंबई क्रिकेट टीम और शेष भारत के बीच खेले जा रहे ईरानी कप 2024 में सरफराज खान ने इतिहास रच दिया है। वह मुंबई के पहले बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में दोहरा शतक जड़ा है। उन्होंने 253 गेंदों का सामना करते हुए अपना दोहरा शतक पूरा किया। सरफराज इरानी कप में दोहरा शतक जड़ने वाले 11वें बल्लेबाज बने हैं। आखिरी बार यशस्वी जायसवाल ने यह कारनामा साल 2023 में किया था।

इतिहास

ईरानी कप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले मुंबई के बल्लेबाज

सरफराज ने मुंबई के रामनाथ पारकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। इस खिलाड़ी ने साल 1972 में ईरानी कप में 194* रन की पारी खेली थी। इस सूची में तीसरे स्थान पर अजिंक्य रहाणे हैं। उन्होंने साल 2021 में 191 रन की पारी खेली थी। सुधाकर अधिकारी ने साल 1963 में ईरानी कप में 173 रन बनाए थे। मुंबई के जुबिन भरुचा ने साल 1994 में 164* रन की पारी खेली थी। वह इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।

औसत

4,000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा औसत

सरफराज प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा औसत से बल्लेबाजी करने वाले (4,000 से ज्यादा रन) भारतीय खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। पहले स्थान पर विजय मर्चेंट हैं। उन्होंने 81.8 की औसत से बल्लेबाजी की थी। सरफराज की औसत 69.6 की हो गई है। तीसरे स्थान पर अजय शर्मा हैं, जिन्होंने 4,000 से ज्यादा रन बनाते समय 68.7 की उम्दा औसत के साथ बल्लेबाजी की थी।

बराबरी

सरफराज ने की सचिन और द्रविड़ की बराबरी 

सरफराज ईरानी कप में 2 शतक लगाकर सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के बराबर पहुंच गए हैं। इनके अलावा यशस्वी, आर सुधाकर राव, मुरली विजय, प्रवीण आमरे, शिखर धवन और जीके बोस ने ईरानी कप में 2-2 शतक लगाए हैं। ईरानी कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड गुंडप्पा विश्वनाथ और दिलीप वेंगसरकर के नाम है। दोनों ने इस टूर्नामेंट में 4-4 शतक जड़े हैं। हनुमा विहारी, अभिनव मुकुंद, सुनील गावस्कर और वसीम जाफर ने 3-3 शतक लगाए हैं।

दूसरा दिन 

मुंबई ने बना दिए 563 रन 

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने 563/9 का स्कोर बना दिया था। सरफराज 276 गेंदों में 221 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने 25 चौके और 4 छक्के लगाए हैं। उनके अलावा रहाणे के बल्ले से 234 गेंदों में 97 रन निकले। श्रेयस अय्यर ने 84 गेंदों में 57 रन बनाए। तनुश कोटियन ने भी बल्ले से कमाल दिखाया और 124 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन बनाए। शेष भारत के मुकेश कुमार ने 4 विकेट लिए।