
RR बनाम PBKS: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा IPL 2025 में अपना छठा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 59वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (50) खेली।
यह इस संस्करण में उनका छठा और IPL करियर का 15वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 24 गेंदों में पूरा किया।
उनकी इस पारी की बदौलत RR को मजबूत शुरुआत मिली और वह मैच में बनी रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही जायसवाल की पारी और साझेदारी?
220 रन का लक्ष्य लेकर उतरी RR को जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी (40) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों पहले विकेट के लिए 29 गेंदों में 76 रन जोड़ दिए।
इसके बाद जायसवाल ने कप्तान संजू सैमसन (20) के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रनों की अहम साझेदारी निभाई। इसी दौरान जायसवाल ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया।
वह अपनी पारी में 25 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
प्रदर्शन
IPL 2025 में कैसा रहा है जायसवाल का प्रदर्शन?
जायसवाल का IPL 2025 में अब तक का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। वह 13 मैचों में 47.55 की औसत और 158.48 की स्ट्राइक रेट से 523 रन बना चुके हैं। इसमें 6 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 75 रन का रहा है।
इस पारी के साथ उन्हाेंने ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमा लिया है। इस सूची में मुंबई इंडियंस (MI) के सूर्यकुमार यादव (510) दूसरे और गुजरात टाइटंस (GT) के साई सुदर्शन (509) तीसरे नंबर पर हैं।
करियर
कैसा रहा है जायसवाल का IPL करियर?
जायसवाल ने साल 2020 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 65 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 34.35 की औसत और 152.36 की स्ट्राइक रेट से 2,130 रन बनाए हैं।
वह 15 अर्धशतक के अलावा 2 शतक भी जड़ चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 124 रन का रहा है।
वह इस लीग में अब तक 253 चौके और 90 छक्के जड़ चुके हैं। वह 25 कैच भी लपक चुके हैं।