Page Loader
RR बनाम DC: रियाग पराग ने खेली अपने IPL करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, जड़ा तीसरा अर्धशतक
रियान पराग ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

RR बनाम DC: रियाग पराग ने खेली अपने IPL करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, जड़ा तीसरा अर्धशतक

Mar 28, 2024
09:29 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 9वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के बल्लेबाज रियान पराग ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (84*) जड़ा। यह उनके IPL करियर का तीसरा और DC के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 34 गेंदों में पूरा किया। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत ही RR की टीम शुरुआती झटकों से उबरकर का 185/5 का बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही पराग की पारी और साझेदारी?

RR को 30 रन पर कप्तान संजू सैमसन (15) के रूप में दूसरा झटका लगा था। उसके बाद पराग बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन (29) के साथ 54, ध्रुव जुरैल (19) के साथ 52 और शिमरोन हेटमाय (14*) के साथ 53* रन की साझेदारी निभाई। पराग पारी में 45 गेंदों में 84 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के जड़े।

करियर

कैसा रहा है पराग का IPL करियर?

पराग ने 11 अप्रैल्, 2019 को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह इस लीग में अब तक 56 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 46 पारियों में 19.13 की औसत और 130.29 की स्ट्राइक रेट से 727 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। इसके साथ ही उन्होंने इस लीग में अपने 50 चौके (अब 52) भी पूरे कर लिए।

इंतजार

पराग ने IPL में 701 दिन बाद जड़ा अर्धशतक

पराग को IPL में अपना तीसरा अर्धशतक जड़ने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है। उन्होंने इस लीग में 701 दिन बाद अर्धशतक जड़ा है, लेकिन इस लंबे इंतजार के बाद उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली है। पराग ने इस लीग में पिछला अर्धशतक 26 अप्रैल 2022 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ जड़ा था। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में उन्होंने 31 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए थे।

धमाका

पराग ने आखिरी ओवर में बटोरे 25 रन

पारी की शुरुआत में धीमे नजर आने वाले पराग ने आखिरी ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने पारी का 20 ओवर लेकर आए DC के गेंदबाज एनरिक नोर्खिया के ओवर में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 25 रन बटोर लिए। उन्होंने ओवर की पहली और दूसरे गेंदों पर लगातार चौके जड़े, तीसरी गेंद पर शानदार छक्का जड़ा, चौथी गेंद पर चौका और 5वीं गेंद पर फिर से छक्का जड़ दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर 1 रन लिया।