LOADING...
रोहित शर्मा बनाम विराट कोहली: टी-20 में सबसे तेज 12,000 रन किसने बनाए? जानिए आंकड़े
रोहित ने पूरे किए अपने 12,000 टी-20 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

रोहित शर्मा बनाम विराट कोहली: टी-20 में सबसे तेज 12,000 रन किसने बनाए? जानिए आंकड़े

Apr 24, 2025
06:19 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में बीते बुधवार को मुंबई इंडियंस (MI) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को हराया। हैदराबाद में हुए मैच में जीत के लिए मिले 144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने अर्धशतक (70) लगाया। इस बीच वह टी-20 क्रिकेट में 12,000 रन पूरे करने वाले विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने। आइए जानते हैं कि किस भारतीय बल्लेबाज ने कम पारियों में ये आंकड़ा छूआ है।

रोहित 

रोहित ने 443 पारियों में पूरे किए अपने 12,000 टी-20 रन

क्रिकइंफो के अनुसार, रोहित ने 456 मैचों में 12,000 टी-20 रन पूरे किए हैं। इसके लिए उन्होंने 443 पारियां खेलीं हैं। रोहित वर्तमान में टी-20 क्रिकेट में विश्व के 8वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अब तक, उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 30.91 की औसत और 135.08 की उम्दा स्ट्राइक रेट से 12,058 रन बनाए हैं। इस बीच उनके नाम 8 शतक और 80 अर्धशतक हैं।

कोहली 

कोहली ने कितनी पारियों में हासिल किया ये मुकाम?

कोहली ने मार्च 2024 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ मैच के दौरान अपने 12,000 टी-20 रन पूरे किए थे। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले विश्व के छठे खिलाड़ी बने थे। कोहली ने अपने 377वें मैच में यह मुकाम हासिल किया था। इसके लिए उन्होंने केवल 360 पारियां लीं, जो क्रिस गेल (345) के बाद दूसरी सबसे तेज है। कोहली ने अब टी-20 क्रिकेट में 13,000 से अधिक रन बना लिए हैं।

आंकड़े 

कोहली के मुकाबले रोहित ने कम गेंदों में पूरे किए 12,000 रन 

क्रिकबीट के अनुसार, रोहित ने टी-20 क्रिकेट में 12,000 रन बनाने के लिए 8,885 गेंदों का सहारा लिया। वहीं, कोहली ने इस मुकाम के लिए 8,997 गेंदों का सामना किया था। बता दें कि इस सूची में कीरोन पोलार्ड शीर्ष पर मौजूद हैं, जिन्होंने सिर्फ 7,992 गेंदों पर अपने 12,000 रन पूरे किए थे। वहीं विश्व के बल्लेबाजों में रोहित और कोहली क्रमशः छठे और 7वें स्थान पर हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कैसा रहा था रोहित और कोहली का प्रदर्शन?

रोहित ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में किया। उन्होंने 159 मैच की 151 पारियों में 32.05 की औसत और 140.89 की स्ट्राइक रेट से 4,231 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 5 शतक और 32 अर्धशतक जड़े हैं। कोहली ने 125 मैचों में 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से 4,188 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 38 अर्धशतक लगाए।

IPL 

कैसा है दोनों बल्लेबाजों का IPL करियर?

रोहित और कोहली IPL में 6,000 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ 4 खिलाड़ियों में से एक हैं। रोहित ने अपने IPL करियर में 265 मैचों में लगभग 30 की औसत और 131.79 की स्ट्राइक रेट से 6,856 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 45 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने 260 मुकाबलों में 39.27 की औसत और 132.26 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,326 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 59 अर्धशतक लगाए हैं।