Page Loader
रोहित शर्मा वनडे विश्व कप में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले भारतीय बने
रोहित शर्मा के विश्व कप में 1,000 रन पूरे (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रोहित शर्मा वनडे विश्व कप में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले भारतीय बने

Oct 11, 2023
06:48 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 9वें मुकाबले में बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एक कीर्तिमान अपने नाम किया। मुकाबले में 22 रन बनाने ही रोहित वनडे विश्व कप में सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। भारतीय कप्तान ने 19 मैच की 19 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। उनसे पहले 3 अन्य भारतीय भी विश्व कप में 1,000 रन पूरे कर चुके हैं।

जानकारी

रोहित ने की वार्नर की बराबरी

विश्व कप में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने में रोहित ने डेविड वार्नर की बराबरी की। दोनों ने 19-19 पारियों में यह कारनामा किया है। उनके बाद सचिन तेंदुलकर और एबी डिविलियर्स (20-20) तथा विव रिचर्ड्स और सौरव गांगुली (21-21 पारी) का नंबर है।

आंकड़े 

सचिन ने बनाए हैं सर्वाधिक रन

रोहित से पहले भारत की ओर से विश्व कप में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सौरव गांगुली ने 1,000 से ज्यादा रन बनाए थे। सचिन वनडे विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 45 मैच की 44 पारियों में 2,278 रन बनाए थे। उनके अलावा विराट 46.81 की औसत और 86.70 की स्ट्राइक रेट से 27 मैच में 1,115 रन बना चुके हैं। गांगुली ने 1,006 रन के लिए 21 पारियों का सहारा लिया था।

प्रदर्शन

वनडे में रोहित का प्रदर्शन

रोहित ने साल 2007 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 255 वनडे में 48.85 की औसत और 90.53 की स्ट्राइक रेट के साथ 10,112 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका उच्चतम स्कोर 264 रन है। रोहित वनडे में अब तक 3 दोहरे शतक, 30 शतक और 52 अर्धशतक जमा चुके हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अब तक 927 चौके और 292 छक्के भी जमाए हैं।