Page Loader
ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में घायल, डिवाइडर से टकराने के बाद कार में लगी आग
दुर्घटना में घायल हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत

ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में घायल, डिवाइडर से टकराने के बाद कार में लगी आग

Dec 30, 2022
10:01 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की कार आज रुड़की में दुर्घटना का शिकार हो गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पंत दिल्ली से रुड़की स्थित अपने घर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में उनकी कार में आग लग गई और वह जलकर खाक हो गई। पंत को समय से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उनका देहरादून में इलाज चल रहा है।

हादसा

दुर्घटना के समय खुद कार चला रहे थे पंत

रिपोर्ट के अनुसार, पंत बांग्लादेश में टेस्ट सीरीज खेलने के बाद घर लौट रहे थे। वह दिल्ली से खुद ही कार चलाकर ले जा रहे थे। उसी दौरान दिल्ली-देहरादून हाइवे पर नारसर बॉर्डर के हम्मदपुर झाल मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार में आग लग गई, लेकिन आस-पास के लोगों ने उन्हें समय से नजदीकी अस्पताल पहुंचा दिया। उनके सिर, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। उनका उपचार जारी है।

प्रयास

कार की विंडस्क्रीन तोड़कर जलती कार से बाहर निकले पंत

उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने NDTV को बताया कि सुबह 5:30 बजे पंत की कार में डिवाइडर से टकराने के बाद आग लग गई। गंभीर चोटें होने के बाद भी पंत खुद कार की विंडस्क्रीन तोड़कर बाहर आ गए। हादसे के समय वह कार में अकेले थे। उन्होंने बताया कि कार से बाहर आने के बाद आस-पास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल में रैफर कर दिया।

कारण

आंख लगने के कारण हुआ हादसा

घायल पंत के अनुसार, कार चलाते समय अचानक उनकी आंख लग गई थी। इससे कार अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच बनी रेलिंग को तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराई। इससे कार में आग लग गई। उसके बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें सबसे पहले 108 एंबुलेंस से रुड़की अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन बाद में वहां से देहरादून रैफर कर दिया गया।

सर्जरी

पंत की प्‍लास्टिक सर्जरी की जाएगी

पुलिस अधीक्षक (SP) देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि हादसे में पंत के सिर, पैर और पीठ में चोटें आई हैं। उन्हें सबसे पहले रुड़की के दिल्ली रोड स्थित सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सक्षम अस्पताल के चेयरमैन डॉ सुशील नागर ने बताया कि शरीर पर आई चोटों के चलते फिलहाल पंत की हालत स्थिर बनी हुई है, उनको रुड़की से देहरादून के मैक्‍स अस्‍पताल रेफर किया गया है। वहां उनकी प्‍लास्टिक सर्जरी की जाएगी।

निर्देश

मुख्यमंत्री ने दिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार दुर्घटना में घायल क्रिकेटर पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का सारा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अगर एयर एंबुलेंस की आवश्यकता होती है, तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी। वह जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।