Page Loader
ऋषभ पंत महीनों तक क्रिकेट से रहेंगे दूर, वनडे विश्व कप खेलना भी संभव नहीं
ऋषभ पंत 6 महीने क्रिकेट से दूर रह सकते हैं (फाइल फोटो: ट्विटर/@bcci)

ऋषभ पंत महीनों तक क्रिकेट से रहेंगे दूर, वनडे विश्व कप खेलना भी संभव नहीं

Jan 14, 2023
08:06 pm

क्या है खबर?

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 30 दिसंबर, 2022 को कार एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके घुटने में काफी चोट आई थी। अब वह 2023 के अधिकांश समय के लिए क्रिकेट से दूर रहने वाले हैं। यहां तक कि वह अगले छह महीने शायद ही मैदान पर खेलते हुए नजर आएं। IPL सहित कई बड़े टूर्नामेंट में वह पहले ही बाहर हो गए हैं। आइए पूरी खबर जानते हैं।

रिपोर्ट

वनडे विश्व कप से भी दूर रहेंगे

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पंत को लेकर मेडिकल अपडेट दिया है। जिसमें कहा गया है कि उनके घुटने के तीन प्रमुख लिगामेंट पर गंभीर चोट पहुंची थी, दो की सर्जरी हो चुकी है। तीसरे की सर्जरी अब छह सप्ताह बाद होगी। इसी कारण अगले छह महीने उनके क्रिकेट खेलने की संभावना न के बराबर है। इसी के चलते पंत अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्व कप से भी दूर ही रहेंगे।

इलाज

धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चल रहा इलाज

पंत का इलाज मुंबई के धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों द्वारा ये नहीं बताया गया है कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने में कितना समय लगेगा। BCCI के चयनकर्ता ने निष्कर्ष निकाला है कि वह कम से कम छह महीने टीम से बाहर रहेंगे। उन्होंने आखिरी सीरीज बांग्लादेश के खिलाफ खेली थे। उन्हें श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज में आराम दिया गया था।

हादसा

कैसे और कब हुआ था हादसा?

पंत के साथ हादसा शुक्रवार 30 दिसंबर सुबह 5:30 बजे रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के मोड़ पर हुआ था। उस समय वह कार चला रहे थे। उसी दौरान अचानक उनकी आंख लग गई थी। इसके बाद उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई थी। इससे कार में आग लग गई थी, लेकिन पंत चोट लगने के बाद भी विंडस्क्रीन तोड़कर बाहर निकल आए थे। जिससे उनकी जान बची थी।

आंकड़े

ऐसे रहे हैं पंत के आंकड़े

पंत के ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 33 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान 43.67 की औसत से 2,271 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159 रन नाबाद है। इसी तरह 30 वनडे मैचों में 34.60 की औसत से 865 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 125 रन नाबाद रहा है। उन्होंने 66 टी-20 मैच में 22.43 की औसत से 987 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 65 रन नाबाद रहा है।