Page Loader
महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह  के बाद रिंकू सिंह होंगे भारत के फिनिशर- किरण मोरे
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 में रिंकू सिंह ने डेब्यू किया (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह  के बाद रिंकू सिंह होंगे भारत के फिनिशर- किरण मोरे

Aug 19, 2023
05:14 pm

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय विकेटकीपर और चयनकर्ता किरण मोरे का मानना ​​है कि रिंकू सिंह में भी महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह की तरह ही महान फिनिशर बनने की क्षमता है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में शानदार बल्लेबाजी करने वाले रिंकू सिंह को शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका मिला। आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने डेब्यू किया। हालांकि, इस मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका।

बयान

शानदार फिनिशर बन सकते हैं रिंकू- मोरे

मोरे ने जियो सिनेमा से बातचीत में कहा, "मैं भारतीय टीम में उनके आने का इंतजार कर रहा था। वह नंबर 5 और 6 पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे और एक शानदार फिनिशर बन सकते हैं। हम सभी ने धोनी और युवराज को देखा है। उसके बाद हमें उनके जैसा कोई खिलाड़ी नहीं मिला।" उन्होंने आगे कहा, "हमने ऐसे खिलाड़ी बनाने की कोशिश की, लेकिन अब तक काम नहीं आया। तिलक वर्मा भी हैं, वह भी यह भूमिका निभा सकते हैं।"

बयान

रिंकू मैच फिनिश करने के लिए ही बने हैं- नायर

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में पिछले छह वर्षों से रिंकू के खेल पर काफी काम करने वाले अभिषेक नायर ने कहा, "हार्दिक पांड्या एक बल्लेबाज की भूमिका में आ रहे हैं और ऊपरी क्रम में खेल रहे हैं, तो आपको निचले क्रम में किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो आपके लिए मैच फिनिश कर सके।" रिंकू ने IPL के 31 मुकाबलों में 725 रन बनाए हैं। IPL 2023 में उन्होंने 14 मुकाबलों में 474 रन बनाए थे।