Page Loader
IPL 2020: इस सीजन ये बड़े रिकॉर्ड्स बना सकते हैं क्रिस गेल

IPL 2020: इस सीजन ये बड़े रिकॉर्ड्स बना सकते हैं क्रिस गेल

लेखन Neeraj Pandey
Sep 16, 2020
07:00 pm

क्या है खबर?

कैरेबियन सुपरस्टार क्रिस गेल आने वाले रविवार को 41 साल के होने वाले हैं, लेकिन खेल के मामले में उम्र उनके आड़े नहीं आई है। चैंपियन खिलाड़ी के रूप में मशहूर गेल सालों से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सबसे चहेते बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। गेल इस सीजन किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के लिए खेलेंगे। एक नजर डालते हैं उन रिकॉर्ड्स पर जिन्हें गेल इस सीजन बना सकते हैं।

IPL में प्रदर्शन

IPL में ऐसा रहा है गेल का प्रदर्शन

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पूर्व खिलाड़ी गेल ने अब तक IPL के 11 सीजन खेले हैं। उन्होंने IPL में खेले 125 मैचों में 41.13 की औसत के साथ 4,484 रन बनाए हैं। गेल के नाम सर्वोच्च व्यक्तिगत (175*) पारी खेलने का रिकॉर्ड है और साथ ही उन्होंने सबसे अधिक छह शतक भी लगाए हैं। पिछले सीजन वह सबसे तेज 4,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। वह दो बार औरेंज कैप भी हासिल कर चुके हैं।

5,000 रन

सबसे तेज 5,000 रन बनाने की रेस में हैं गेल

IPL में 5,000 रन पूरे करने के लिए गेल को इस सीजन 516 रन बनाने होंगे। गेल के अलावा डेविड वार्नर (4,706) और शिखर धवन (4,579) भी 5,000 रन पूरे करने की लाइन में हैं। वार्नर ने अपने रन 126 पारियों में बनाए हैं जबकि गेल ने 124 पारियां खेली हैं। देखना होगा कि दोनो में से कौन अपने 5,000 रन पहले पूरा करता है और रिकॉर्ड बनाता है।

चौके और छक्के

चौकों और छक्कों के मामले में ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं गेल

गेल ने अब तक 368 चौके लगाए हैं और लीग में 400 चौके पूरे करने के लिए उन्हें 32 चौके लगाने होंगे। अब तक केवल आठ बल्लेबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की है। गेल ने लीग में सबसे अधिक 326 छक्के लगाए हैं और 350 छक्के लगाने वाले पहला बल्लेबाज बनने के लिए उन्हें 24 छक्के लगाने होंगे। 31 गेंदें खेलकर गेल IPL में 3,000 गेंदों का सामना कर लेंगे।

अन्य रिकॉर्ड्स

KXIP के लिए ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं गेल

2018 में KXIP ज्वाइन करने के बाद से गेल ने टीम के लिए 24 मैचों में 858 रन बनाए हैं। वह टीम के लिए 1,000 रन पूरे करने से 142 रन दूर हैं। गेल (75 चौके) को KXIP के लिए 100 चौके पूरे करने के लिए 25 चौके लगाने होंगे। वह KXIP के लिए ऐसा करने वाले केवल सातवें बल्लेबाज होंगे। एक शतक लगाकर वह KXIP के लिए हाशिम अमला (दो शतक) की बराबरी कर सकते हैं।