Page Loader
रविंद्र जडेजा ने CSK से जुड़े इंस्टाग्राम पोस्ट हटाए; क्या हुई अनबन?
जडेजा ने CSK से जुड़े इंस्टाग्राम पोस्ट हटा दिए

रविंद्र जडेजा ने CSK से जुड़े इंस्टाग्राम पोस्ट हटाए; क्या हुई अनबन?

Jul 09, 2022
01:49 pm

क्या है खबर?

भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की अपनी मौजूदा टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ रिश्ते एक बार फिर से कुछ सही नहीं लग रहे हैं। दरअसल, जडेजा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से CSK से जुड़े IPL 2021 और 2022 के लगभग सभी पोस्ट हटा दिए हैं, जिसके बाद अनबन की बातें सामने आने लगी हैं। आइए इस खबर पर पूरी नजर डालते हैं।

कयास

क्या जडेजा और CSK के बीच चल रही है अनबन?

7 जुलाई को CSK के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का जन्मदिन था। उस दिन लोगों उन्हें जन्मदिन की बधाई दी, लेकिन जडेजा की ओर से सोशल मीडिया पर कोई संदेश नहीं दिखा। यह बात इसलिए भी अलग लगी क्योंकि जडेजा सोशल मीडिया में सक्रिय रहते हैं और पहले भी प्रतिक्रिया देते रहे हैं। इसके बाद जडेजा ने इंस्टा से पोस्ट भी हटा लिए, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि जडेजा और CSK प्रबंधन के बीच गड़बड़ चल रही है।

खबर

पहले भी आ चुकी हैं तकरार की खबरें

IPL 2022 में जडेजा शुरुआती 10 मैच खेलने के बाद ही बाहर हो गए थे। तब फ्रेंचाइजी ने बताया था कि वह फिट नहीं हैं और बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं। हालांकि, तब भी जडेजा और CSK के बीच तकरार की बातें सामने आई थी। इसके बाद CSK के CEO काशी विश्वनाथ ने स्पष्ट किया था कि जडेजा टीम के साथ भविष्य में भी नजर आएंगे। इस बीच एक बार फिर अनबन की खबरें उठने लगी हैं।

कप्तानी

जडेजा की कप्तानी में खराब रहा था CSK का प्रदर्शन

IPL 2022 के शुरु होने से ठीक पहले धोनी ने CSK की कप्तानी छोड़ दी थी और जडेजा को टीम का नया कप्तान बनाया गया था। जडेजा की कप्तानी में CSK ने पिछले सीजन में आठ मैच खेले, जिसमें से सिर्फ दो में उन्हें जीत मिली और छह में टीम को हार का सामना करना पड़ा। 30 अप्रैल 2022 को जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी थी और धोनी दोबारा टीम के कप्तान बने थे।

IPL 2022

IPL 2022 में जडेजा ने किया था निराश

IPL 2022 की नीलामी से पहले CSK ने जडेजा को सबसे अधिक 16 करोड़ रुपये देकर रिटेन किया था। बड़ी कीमत में रिटेन होने के बाद जडेजा ने निराश किया था। उन्होंने पिछले सीजन खेले 10 मैचों में मात्र 19.33 की औसत और 118.36 की स्ट्राइक रेट के साथ केवल 116 रन बनाए थे। गेंदबाजी में उन्होंने 7.51 की इकॉनमी रेट से पांच विकेट अपने नाम किए थे।

जानकारी

प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी थी CSK

IPL 2022 में CSK ने 14 मैच खेले, जिसमें सिर्फ चार में जीत हासिल की। दूसरी तरफ टीम को 10 मैचों में शिकस्त मिली थी। अंक तालिका में CSK नौवें स्थान पर रही थी।