
रविंद्र जडेजा IPL में 3,000 रन और 150 विकेट झटकने वाले पहले खिलाड़ी बने, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 8वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 50 रन से हरा दिया। यह RCB की एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में 2008 के बाद पहली जीत है।
इस मैच में CSK के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 25 रन की पारी खेली। इस दौरान 24वां रन बनाते ही उन्होंने अपने 3,000 IPL रन पूरे कर लिए।
वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 27वें बल्लेबाज हैं। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
रिकॉर्ड
जडेजा ने बनाया यह बड़ा रिकॉर्ड
जडेजा के IPL में अब 3,000 रन होने के साथ 160 विकेट भी हो गए हैं। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में 3,000 रन बनाने के साथ 150 विकेट चटकाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
बता दें कि IPL में अभी कोई अन्य खिलाड़ी 3,000 रन के साथ 100 विकेट भी नहीं चटका सका है।
IPL में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 254 मैच में 8,094 रन बना रखे हैं।
करियर
कैसा रहा है जडेजा का IPL करियर?
जडेजा IPL में 242 मैच की 185 पारियों में 27 की औसत और 129 की स्ट्राइक रेट से 3,001 रन बना चुके हैं।
इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 62 रन का रहा है। वह 216 चौके और 107 छक्के भी जड़ चुके हैं।
गेंदबाजी में उन्होंने 213 पारियों में 30.65 की औसत से 160 विकेट चटका लिए हैं। वह 1 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/16 विकेट का रहा है।