Page Loader
रणजी ट्रॉफी: रजत पाटीदार ने 68 गेंदों में जड़ा शतक, हासिल की बड़ी उपलब्धि 
रजत पाटीदार ने कमाल कर दिया (तस्वीर: फाइल एक्स/@BCCI)

रणजी ट्रॉफी: रजत पाटीदार ने 68 गेंदों में जड़ा शतक, हासिल की बड़ी उपलब्धि 

Oct 29, 2024
04:58 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश के स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार ने रणजी ट्रॉफी में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हरियाणा क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 68 गेंदों का सामना करते हुए शतक पूरा कर लिया। यह रणजी ट्रॉफी के इतिहास का 5वां सबसे तेज शतक है। पहली पारी के आधार पर मध्य प्रदेश 132 रनों से पीछे चल रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी जोरदार पारी से टीम की वापसी कराई। ऐसे में उनके आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।

उपलब्धि

रजत ने इस खिलाड़ी को छोड़ा पीछे 

रजत ने अपने साथी खिलाड़ी और मध्य प्रदेश के विकेटकीपर बल्लेबाज नमन ओझा को पीछे छोड़ा है। नमन ने 69 गेंदों पर शतक जड़ा था। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है, जिन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। रजत के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का यह 13वां शतक है। इसी साल मध्यप्रदेश का यह खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए भी डेब्यू किया था।

पारी

कैसी रही रजत की पारी और साझेदारी?

रजत ने 102 गेंदों का सामना किया और 159 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अमन कुमार ने पवेलियन भेजा। उनके बल्ले से 13 चौके और 7 छक्के निकले। रजत ने हरप्रीत सिंह भाटिया के साथ 100 गेंदों में 108 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा शुभम शर्मा के साथ 108 गेंदों में 126 रन जोड़े। पहली पारी में यह खिलाड़ी 24 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गया था।

प्रथम श्रेणी 

रजत के प्रथम श्रेणी करियर पर एक नजर 

रजत के प्रथम श्रेणी करियर की बात करें तो उन्होंने 64 मुकाबले खेले हैं। इसकी 109 पारियों में लगभग 43 की औसत से 4,503 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 13 शतक के अलावा 23 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 196 रन रहा है। भारतीय टीम के लिए इस खिलाड़ी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने 3 टेस्ट मैच खेले थे और इसकी 6 पारियों में 10.50 की औसत से सिर्फ 63 रन बनाए थे।

ऑक्शन

IPL नीलामी से पहले रजत ने कर दिया धमाल 

अगले महीने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नीलामी होने वाली है। ऐसे में रजत की ये पारी काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। अभी यह खिलाड़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलता है और दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में कई कमाल की पारियां भी खेल चुका है। 31 नवंबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों के नाम देने हैं। ऐसे में रजत की यह पारी उन्हें मालामाल कर सकती है।