LOADING...
रणजी ट्रॉफी 2025-26: इस सीजन में सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख आंकड़े
जम्मू-कश्मीर ने जीता खिताब (तस्वीर: एक्स/@KiranParashar21)

रणजी ट्रॉफी 2025-26: इस सीजन में सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख आंकड़े

Feb 28, 2026
03:29 pm

क्या है खबर?

रणजी ट्रॉफी 2025-26 का खिताब जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया। कर्नाटक क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला गया फाइनल मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन पहली पारी के आधार पर बढ़त बनाने वाली पारस डोगरा की कप्तानी वाली टीम को ऐतिहासिक खिताब मिला। इस टूर्नामेंट के इतिहास में जम्मू-कश्मीर पहली बार विजेता बनी है। इस सीजन में सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

फाइनल 

इस तरह से रहा फाइनल मुकाबला 

जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। शुभम पुंडीर के बल्ले से सबसे ज्यादा 121 रन निकले। जम्मू कश्मीर के 5 अन्य बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारी खेली। प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट लिए। जवाब में कर्नाटक 293 रन पर ऑलआउट हो गई। आकिब नबी डार ने 5 विकेट लिए। जम्मू कश्मीर ने दूसरी पारी में 342/4 का स्कोर बनाया और मुकाबला ड्रॉ रहा।

गेंदबाज 

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में इन गेंदबाजों ने लिए सबसे ज्यादा विकेट

नबी रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस सीजन 10 मुकाबले खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 12.56 की उम्दा औसत के साथ 60 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल और 7 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/24 का रहा है। दूसरे स्थान पर उत्तराखंड क्रिकेट टीम के मयंक मिश्रा हैं, जिन्होंने 8 मैच में 59 विकेट चटकाए हैं।

Advertisement

आंकड़े 

गेंदबाजों द्वारा बनाए गए अन्य रिकॉर्ड्स 

सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल भी नबी (7) ने लिए। उनके बाद उत्तराखंड के मयंक मिश्रा, बंगाल के शहबाज अहमद और हिमचाल प्रदेश के अर्जुन ने 4-4 पारियों में 5 विकेट हॉल झटके। एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन सर्विसेज के अमित शुक्ला ने किया। 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर ने हरियाणा के खिलाफ पारी में 27 रन देते हुए 8 विकेट लिए। सर्विसेज ने 211 रन से मैच जीता।

Advertisement

बल्लेबाजी 

इन खिलाड़ियों ने बनाए सर्वाधिक रन 

इस सीजन में कर्नाटक के रविचंद्रन स्मरण सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 9 मैचों की 14 पारियों में 86.36 की औसत के साथ 950 रन बनाए। दिल्ली के आयुष दोसेजा इस सूची में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 7 मैचों की 12 पारियों में 105.44 की अविश्वसनीय औसत के साथ 949 रन बनाए। दोसेजा के साथी बल्लेबाज सनत सांगवान ने 14 पारियों में 69.00 की औसत से 828 रन बनाए।

जानकारी

सिद्धेश लाड ने लगाए सर्वाधिक शतक  

इस सीजन में सर्वाधिक शतक मुंबई के सिद्धेश लाड (5) ने लगाए। इस सीजन में सर्वोच्च पारी बंगाल के सुदीप कुमार घरामी (299 रन बनाम आंध्र प्रदेश) ने खेली।

Advertisement