जम्मू कश्मीर ने रचा इतिहास, पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। कर्नाटक क्रिकेट टीम के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी की बढ़त के आधार पर पारस डोगरा की अगुआई वाली टीम ने खिताब जीत लिया। यह इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट के इतिहास में पहला मौका है, जब जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी जीती है। ऐसे में आइए फाइनल मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 584 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। शुभम पुंडीर के बल्ले से सबसे ज्यादा 121 रन निकले। जम्मू कश्मीर के 5 अन्य बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारी खेली। प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट लिए। जवाब में कर्नाटक 293 रन पर ऑलआउट हो गई। आकिब नबी डार ने 5 विकेट लिए। जम्मू कश्मीर ने दूसरी पारी में 342/4 का स्कोर बनाया और मुकाबला ड्रॉ रहा।
शतक
पुंडीर ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का चौथा शतक लगाया
पुंडीर ने 247 गेंदों का सामना किया और 121 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 48.99 की रही। 27 वर्षीय बल्लेबाज ने पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान 186 गेंदों अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का चौथा शतक रहा। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में यह उनके बल्ले से निकलने वाली दूसरी शतकीय पारी रही। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 165 रन की पारी खेली थी।
पारी
कप्तान डोगरा ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
पहले दिन डोगरा 9 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे। वह बल्लेबाजी के दौरान प्रसिद्ध की बाउंसर पर घायल हुए थे। उन्होंने दूसरे दिन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। वह 166 गेंदों का सामना करते हुए 70 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 8 चौके लगाए। यह डोगरा के प्रथम श्रेणी करियर का कुल 37वां अर्धशतक साबित हुआ। बता दें कि डोगरा रणजी ट्रॉफी में 10,000 से अधिक रन बना चुके हैं।
हॉल
प्रसिद्ध ने चौथी बार लिया 5 विकेट हॉल
प्रसिद्ध ने पहली पारी में 5 विकेट अपने नाम किए। यह उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का चौथा ही 5 विकेट हॉल रहा। उन्होंने 34.1 ओवर में 7 मेडन के साथ 95 रन खर्च किए। उन्होंने कामरान इकबाल (6), यावेर हसन (88), अब्दुल समद (61), आबिद मुश्ताक (28) और आकीब नबी (2) को अपना शिकार बनाया। इस खिलाड़ी ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 6 बार 4 विकेट हॉल भी चटका चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/35 का रहा है।
अनुभव
मयंक अग्रवाल ने जड़ा प्रथम श्रेणी करियर का 21वां शतक
मयंक अग्रवाल ने कर्नाटक की पहली पारी में 266 गेंदों का सामना किया और 160 रन बनाए। उनके बल्ले से 21 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 60.15 की रही। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 21वां शतक और इस सीजन उनके बल्ले से निकला दूसरा शतक रहा। अग्रवाल ने अब तक 124 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं, जिसमें लगभग 45 की औसत से 8,800 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 48 अर्धशतक भी निकले हैं।
घातक
नबी ने की घातक गेंदबाजी
जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज नबी ने 23 ओवर गेंदबाजी की और 7 मेडन के साथ 54 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 2.30 की रही। उन्होंने केएल राहुल (13), मयंक (160), करुण नायर (0), स्मरण रविचंद्रन (0) और शिखर शेट्टी (0) को अपना शिकार बनाया। प्रथम श्रेणी करियर में यह उनका 16वां 5 विकेट हॉल रहा। यह इस सीजन रणजी ट्रॉफी में उनका 7वां 5 विकेट हॉल है।
ज्यादा
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने नबी
नबी रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस सीजन 10 मुकाबले खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 12.56 की उम्दा औसत के साथ 60 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल और 7 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/24 का रहा है। दूसरे स्थान पर उत्तराखंड क्रिकेट टीम के मयंक मिश्रा हैं, जिन्होंने 8 मैच में 59 विकेट चटकाए हैं।
दूसरी
जम्मू कश्मीर की दूसरी पारी में 2 बल्लेबाजों ने लगाए शतक
जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी में कमल इकबाल ने 311 गेंदों का सामना किया और 160 रन बनाए। उनके बल्ले से 16 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 51.45 की रही। ये उनके प्रथम श्रेणी करियर का दूसरा शतक रहा। वहीं, साहिल लोत्रा ने 226 गेंदों का सामना किया और 101 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 44.69 की रही। ये उनके प्रथम श्रेणी करियर का पहला शतक रहा।