रणजी ट्रॉफी 2025-26: फाइनल में इतिहास रचने के करीब पहुंची जम्मू-कश्मीर, ऐसा रहा चौथा दिन
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के 584 रन के जवाब में कर्नाटक क्रिकेट टीम 293 रन पर सिमट गई। इसके बाद जम्मू-कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन के खेल की समाप्ति तक 186/4 का स्कोर बनाया और उनकी कुल बढ़त 477 रन की हो गई। स्टंप्स तक क्रीज पर फिलहाल कमरैन इकबाल (94*) और साहिल लोत्रा (16*) बने हुए हैं। चौथे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
कर्नाटक
पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना सकी कर्नाटक की टीम
कल के स्कोर 220/5 से आगे खेलने उतरी कर्नाटक की टीम को 241 के स्कोर पर छठा झटका लगा। विकेटकीपर बल्लेबाज कृतिक कृष्ण 36 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी कर्नाटक की टीम ने निरंतर विकेट गंवाए और पूरी टीम 293 रन पर सिमट गई। मयंक अग्रवाल ने सर्वाधिक 160 रन की पारी खेली। वह 8वें विकेट के रूप में आउट हुए। जम्मू-कश्मीर से आकिब नबी ने 54 रन देते हुए 5 विकेट चटकाए।
नबी
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने नबी
नबी अब रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस सीजन 10 मुकाबले खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 12.56 की उम्दा औसत के साथ 60 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल और 7 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/24 का रहा है। दूसरे स्थान पर उत्तराखंड क्रिकेट टीम के मयंक मिश्रा हैं, जिन्होंने 8 मैच में 59 विकेट चटकाए हैं।
पारी
शतक के करीब पहुंचे कमरैन इकबाल
जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी में यावर हसन (1) और शुभम पुंडीर (4) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इसके बाद कप्तान पारस डोगरा भी 16 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में अब्दुल समद भी 32 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच सलामी बल्लेबाज कमरैन इकबाल ने एक छोर संभाले रखा और फिलहाल 94 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इतिहास
इतिहास रचने के करीब पहुंची जम्मू-कश्मीर की टीम
पहली पारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर ने 291 रन की बढ़त हासिल की थी। ऐसे में मैच के ड्रॉ होने की स्थिति में जम्मू-कश्मीर (बढ़त के आधार पर) की टीम को खिताब मिलेगा। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार जम्मू-कश्मीर की टीम विजेता बनने के करीब है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर ने सेमीफाइनल में बंगाल क्रिकेट टीम को हराते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया था।